कोटद्वार: दुकान नाम 'बाबा' रखने के विवाद के बाद पुलिस की कड़ी निगरानी, सीमा पर बढ़ाई सख्ती
कोटद्वार में दुकान के नाम बदलने के विवाद के बाद पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बढ़ा ...और पढ़ें

कोटद्वार के कौड़िया चैक पोस्ट पर वाहनों की तलाशी करती पुलिस।जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, जागरण कोटद्वार। शहर में दुकान के नाम को बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है।
मंगलवार को कौड़िया चेक पोस्ट के समीप उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले सभी वाहनों की तलाशी की गई।
वहीं, सीमा से शहर को जोड़ने वाले हर रास्ते पर पुलिस की नजर बनी हुई थी। मामले से जुड़े युवक दीपक कुमार के जिम के बाहर भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की है।
26 जनवरी को पटेल मार्ग में एक दुकान का नाम बदलने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद शनिवार को बड़ी संख्या में बाहरी क्षेत्रों के हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता कोटद्वार पहुंचे और प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने दीपक के जिम में भी घुसने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर तैनात पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत करवाया। इधर, इंटरनेट मीडिया पर लगातार मामला गरमाता जा रहा था।
विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारी व कार्यकर्ता कोटद्वार पहुंच रहे थे, जिससे शहर में शांति व्यवस्था बिगड़ने का खतरा बना हुआ था।
ऐसे में पुलिस ने शहर में कानून व्यवस्था बनाने के लिए उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की सीमा पर स्थित कौड़िया चेक पोस्ट पर सख्ती दिखाना शुरू कर दिया।
उत्तर प्रदेश की ओर से आने वाले हर वाहन की तलाशी ली जा रही थी। साथ ही वाहन में सवार लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।
इंटरनेट मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी है। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
झंडा लगी गाड़ियों को भेजा वापस
कोटद्वार में मंगलवार को कौड़िया चेक पोस्ट पर चेकिंग में जुटी पुलिस ने भीम आर्मी का झंडा लगे वाहनों में सवार हो कुछ लोग कौड़िया चेक पोस्ट में पहुंचे।
पुलिस ने वाहनों को रोक लिया व उन्हें वापस भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
कहा कि क्षेत्र में माहौल पूर्णत: शांतिपूर्ण है व सांप्रदायिक तनाव भड़काने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कोटद्वार बाबा विवाद: नगर में बाहरी लोगों की आमद से बढ़ा तनाव, पुलिस का फ्लैग मार्च जारी
यह भी पढ़ें- कोटद्वार 'बाबा' विवाद: दीपक कुमार को समर्थन देने जा रहे भीम आर्मी अध्यक्ष महक सिंह हिरासत में
यह भी पढ़ें- कोटद्वार 'बाबा' विवाद: राहुल गांधी के समर्थन के बाद गरमाई राजनीति, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
