कोटद्वार बाबा विवाद: नगर में बाहरी लोगों की आमद से बढ़ा तनाव, पुलिस का फ्लैग मार्च जारी
कोटद्वार में 'बाबा' दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद गहरा गया है। दीपक कुमार से जुड़े इस मामले ...और पढ़ें

कोटद्वार में शांति व्यवस्था के मद्देनजर फ्लैग मार्च करती पुलिस टीम।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोटद्वार। कोटद्वार में दुकान के नाम को लेकर उठे विवाद के बाद बने हालातों के बीच बाहरी लोगों की लगातार कोटद्वार में हो रही आमद पुलिस के लिए परेशानी का सिरदर्द बनती जा रही है। इतना ही नहीं, पूरे मामले में इंटरनेट मीडिया में डाली जा रही पोस्ट भी पुलिस के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। इधर, मंगलवार शाम भी पुलिस ने फ्लैग मार्च किया।
कोटद्वार में बीती 26 जनवरी को दुकान का नाम ‘बाबा’ रखे जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद फिलहाल ठंडा होता नजर नहीं आ रहा। दरअसल, दिन बढ़ने के साथ मामला दुकान से हटकर दीपक कुमार में जाकर सिमट गया है।
दरअसल, दुकान में विवाद के दौरान दीपक कुमार ने मौके पर पहुंच विवाद को सुलझाने का प्रयास किया था। इस दौरान बहस हुई व मामला हाथापाई तक पहुंचा। हालांकि, बाद में मामला शांत हो गया।
लेकिन, शनिवार को यह मामला एक बार फिर उस वक्त तूल पकड़ गया, जब बाहरी क्षेत्रों से आए हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय युवाओं के साथ मिलकर नगर में जुलूस-प्रदर्शन किया।
- साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम भी लगाया। मामले में पुलिस की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
इधर, रविवार को मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर दीपक के पक्ष में की गई टिप्पणी के बाद मामला पूरी तरह राजनीतिक हो गया है। हालात यह हैं कि अब इस मामले में लगातार बाहरी क्षेत्रों से लोग शहर में पहुंच रहे हैं।
मंगलवार को भले ही कौड़िया चेक पोस्ट पर पुलिस चेकिंग रही हो। लेकिन, लालढांग-चिलरखाल क्षेत्र से लोग शहर में आए। हालांकि, प्रशासन की ओर से मामले पूरी नजर रखी जा रही है।
मंगलवार शाम अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर में फ्लैग मार्च किया। एएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर की शांति किसी भी कीमत पर भंग नहीं होने दी जाएगी।
यह भी पढ़ें- कोटद्वार 'बाबा' विवाद : दीपक कुमार को समर्थन देने जा रहे भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष को लिया हिरासत में
यह भी पढ़ें- कोटद्वार 'बाबा' विवाद पर भाजपा का पलटवार, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
यह भी पढ़ें- कोटद्वार 'बाबा' विवाद: राहुल गांधी के समर्थन के बाद गरमाई राजनीति, पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
