Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नैनीताल-अल्मोड़ा बॉर्डर पर सात घंटे थमी रही वाहनों की रफ्तार, जाम में फंसने से पर्यटक रहे परेशान

    Updated: Sun, 03 Aug 2025 04:11 PM (IST)

    नैनीताल-अल्मोड़ा सीमा पर क्वारब क्षेत्र में खस्ताहाल हाईवे पर ट्रक फंसने से सात घंटे तक यातायात बाधित रहा। राजमार्ग का हिस्सा धंसने से पहाड़ी काटकर यातायात सुचारू किया गया। यात्री परेशान रहे वैकल्पिक मार्ग भी बदहाल मिला। अवैध वसूली के चलते रात में भी भारी वाहनों की आवाजाही जारी है जिससे राजमार्ग और जर्जर हो रहा है।

    Hero Image
    नैनीताल-अल्मोड़ा मार्ग पर जाम क्वारब में ट्रक फंसा। जागरण

    संवाद सूत्र, जागरण गरमपानी। नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर क्वारब क्षेत्र में खतरनाक पहाड़ी के ठिक नीचे खस्ताहाल हाईवे पर ट्रक के फंसने से आवाजाही ठप हो गई। ट्रक का एक पहिया हाईवे के बाहर जाने से हड़कंप मच गया। लोडर मशीन की मदद से ट्रक को बामुश्किल खींचकर आगे बढ़ाया गया। हाइवे का हिस्सा धंसने से पहाड़ी काट बामुश्किल सात घंटे बाद बामुश्किल यातायात सुचारु किया जा सका। यातायात प्रभावित रहने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हाईवे पर स्थित क्वारब क्षेत्र में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे। पहाड़ी से भूस्खलन व हाईवे के दरकने से मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। रविवार सुबह हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रहा ट्रक खतरनाक पहाड़ी के ठिक नीचे संकरे हाईवे पर फंस गया। चालक ने वाहन को निकालने को प्रयास किया पर सफलता नहीं मिली। ट्रक का एक पहिया धंसते हाईवे पर फंसकर बाहर की ओर चला गया।

    ट्रक के फंसने से हाईवे पर यातायात ठप हो गया। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। लोडर मशीन की मदद से ट्रक को खींचकर हाईवे से हटाया गया। हाईवे के दरकने से पहाड़ी का कटान कर वाहनों के निकलने की जगह बनाई गई। करीब साढ़े बारह बजे के बामुश्किल यातायात सुचारु हो सका। ट्रैफिक वॉलिंटियर अंकित सुयाल ने एक एक कर वाहनों को सुरक्षित आगे बढ़ाया। यातायात सुचारु होने से यात्रियों ने भी राहत की सांस ली।

    वैकल्पिक मार्ग मार्ग की भी सुध नहीं ले रहे अफसर

    क्वारब क्षेत्र में आवाजाही ठप हो जाने से कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक काकड़ीघाट वाया बेड़गाव होते हुए अल्मोड़ा को आवाजाही की। अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रहे वाहन चालकों ने भी चौसली से इसी रुट को अपनाया पर वैकल्पिक मार्ग की बदहाली का खामियाजा यहां भी वाहन चालकों व यात्रियों को भुगतना पड़ा। जगह जगह बड़ी बड़ी झाड़ियां होने व मोटर मार्ग के बदहाल होने से इस मार्ग पर भी घंटों जाम की स्थिति बनी रही।

    वाहन चालकों ने अधिकारियों की अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की लंबा समय बीतने के बावजूद हाईवे पर हालात नहीं सुधरे सके हैं। वैकल्पिक मार्ग की भी सुध नहीं ली जा रही। स्थानीय लोगों ने भी वैकल्पिक मार्ग के तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे काकड़ीघाट - बेड़गांव - चौसली मोटर की हालत में सुधार किए जाने की मांग उठाई है।

    पांच सौ रुपये में करवाई जा रही बड़े वाहनों की आवाजाही

    क्वारब क्षेत्र में हालातों में सुधार न होने पर जिला प्रशासन ने रात के समय बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की है बावजूद रात के अंधेरे में धड़ल्ले से बड़े वाहनों की आवाजाही करवाई जा रही है। सुविधा शुल्क की आड़ में रात के समय वाहनों की आवाजाही करवाई जा रही है।

    भारी-भरकम वाहनों की आवाजाही से हाईवे लगातार दरकता जा रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने रात के समय बड़े वाहनों की आवाजाही सख्ती से प्रतिबंधित किए जाने के लिए मौके पर पीएससी की तैनाती किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।