वीकेंड पर पड़ा Christmas तो गुलजार हुए उत्तराखंड के पर्यटन स्थल, नैनीताल में जुटी सैलानियों की भीड़
Christmas 2022 सरोवर नगरी में सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिस कारण नगर में रौनक बढ़ चली है। होटलों के औसतन 40 फीसद कमरे फुल हो चुके हैं। सैलानियों की आमद बढ़ने से रविवार को पर्यटन स्थलों में पूरे दिन रौनक रही।

जागरण संवाददाता, नैनीताल : Christmas 2022 : शनिवार को सरोवर नगरी में सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी। जिस कारण नगर में रौनक बढ़ चली है। होटलों के औसतन 40 फीसद कमरे फुल हो चुके हैं। इसके साथ ही पार्किंग स्थल भी पैक हो चले हैं।
इस बार वीकेंड पर क्रिसमस पर्व के आने से सैलानियों की आमद बढ़ने की उम्मीद थी और शुक्रवार शाम से ही सैलानियों का पहुंचना शुरू हो गया था। यह सिलसिला शनिवार देर शाम तक जारी रहा। सैलानियों की आमद बढ़ने से रविवार को पर्यटन स्थलों में पूरे दिन रौनक रही। मालरोड पर भीड़भाड़ देखने को मिली।
झील में नौका विहार करने वालों की भी संख्या काफी रही। इधर नगर के बड़े होटलों में क्रिसमस पर अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिनमें, लाइव म्यूजिक, तंबोला, डीजे, बोन फायर जैसे कार्यक्रम शामिल थे।
कई होटलों में सैलानियों को कुमाऊंनी व्यंजन परोसे गए। कार्यक्रम आयोजित करने वाले इन होटलों में शेरवानी हिलटाप, मनु महारानी, नैनी रिट्रीट, विक्रम विंटेज व आरिफ कैसल्स प्रमुख थे।
चार साल बाद जगमगाया शहर
घटते पर्यटन कारोबार और फिर कोविड की मार से बीते चार वर्ष से क्रिसमस और नववर्ष पर शहर की साज सज्जा नहीं की गई। चार वर्ष बाद होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने पुरानी परंपरा फिर शुरू की है। शनिवार को मालरोड अलग-अलग रंग की बिजली मालाओं से सजी नजर आई।
यह भी पढ़ें : Christmas पर पहाड़ों की रानी Mussooie ने किया पर्यटकों का स्वागत, पार्किंग फुल, होटल और गेस्ट हाउस 80% तक बुक
लाल, पीली, हरे व गुलाबी रंग की फोकस लाइटें जब सड़क किनारे पेड़ों पर पड़ी तो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गई। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट ने बताया कि अब दो जनवरी तक मालरोड में शाम छह से रात दस बजे तक लाइव म्यूजिक भी बजाया जाएगा।
आज बंपर भीड़ बढ़ने की संभावना
क्रिसमस को लेकर प्रशासन शनिवार से ही पर्यटक वाहनों की भीड़ उमड़ने की संभावना जता रहा था। इसके चलते शहर के एंट्री प्वाइंट रूसी बाइपास और नारायण नगर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। मगर वाहनों का दबाव अधिक नहीं बढ़ा व यातायात सुचारू चलता रहा तो पुलिस ने एंट्री प्वाइंट पर वाहन नहीं रोके।
हालांकि दोपहर बाद शहर के भीतर हल्का जाम लगता रहा। अब रविवार को मैदानी शहरों और लोकल पर्यटकों की भीड़ जुटने की संभावना है। सीओ विभा दीक्षित ने बताया कि पुलिस की ओर से सभी इंतजाम पुख्ता कर यातायात प्लान तैयार किया गया है।
होटलों में मास्क व सेनिटाइजर अनिवार्य
कोरोना को लेकर नगर के होटलों ने एहतियात बरतने शुरू कर दिए हैं। यहां मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही सैनिटाइजर का प्रयोग किया जा रहा है। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट ने बताया कि थर्टी फर्स्ट तक सैलानियों का बड़ी संख्या में पहुंचना जारी रहेगा। जिस कारण होटलों में कोविड के प्रति एहतियात बरती जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।