भगवानपुर के डाडली गांव में रात को महिला की संदिग्ध हालात में मौत, सुबह चुपचाप कर दिया अंतिम संस्कार
भगवानपुर के डाडली गांव में एक महिला की रात के समय संदिग्ध हालत में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने बिना किसी को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने जानकारी मिलने पर मामले की छानबीन शुरू की है।

संवाद सूत्र भगवानपुर। डाडली गांव में एक महिला की रात में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुराल पक्ष ने बिना किसी को सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने जानकारी मिलने पर मामले की छानबीन शुरू की है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के डाडली गांव निवासी एक युवक की शादी करीब 13 साल पहले नकुड थाना क्षेत्र के ढायकी गांव निवासी एक युवती से हुई थी। इनके तीन बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार रात संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। महिला रात को कमरे के अंदर सोई हुई थी। जबकि पति बच्चों के साथ घर के आंगन में लेटा हुआ था।
बुधवार सुबह पति को जब महिला की मौत का पता चला तो हड़कंप मच गया। इसके बाद ससुराल पक्ष ने आनन-फानन में बिना किसी को सूचना दिये ही महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इसी बीच किसी पड़ोसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। इसके बाद मृतक महिला के स्वजन को इससे अवगत कराया गया।
बताया गया कि पिछले कुछ समय से विवाद की वजह से ही दंपत्ती रुड़की में किराये पर कमरा लेकर रह रहे थे। तीन-चार दिन पहले ही वह गांव में फिर रहने के लिए वापस आये थे। बताया गया है कि महिला मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि इस मामले में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।