Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haridwar: पूर्व विधायक सुरेश राठौर 6 साल के लिए भाजपा से निष्कासित, दूसरी शादी को लेकर हुई थी कॉन्ट्रोवर्सी

    Updated: Sat, 28 Jun 2025 06:19 PM (IST)

    हरिद्वार के ज्वालापुर सीट के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को भाजपा ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर से दूसरी शादी करने के कारण सुरेश राठौर चर्चा में थे। भाजपा ने उन्हें इस संबंध में पहले नोटिस भी जारी किया था। पार्टी की छवि धूमिल होने की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है।

    Hero Image
    ज्वालापुर सीट के पूर्व विधायक सुरेश राठौर। जागरण फाइल

    जागरण संवाददाता, हरिद्वार। भाजपा प्रदेश संगठन ने शनिवार को ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को पार्टी से छह साल तक के लिए निष्कासित कर दिया है। पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला राठौर से दूसरी शादी करने को लेकर इंटरनेट मीडिया पर कई तरह के सवाल उठे। इस दौरान पूर्व विधायक के उर्मिला सनावर के साथ कई वीडियो व फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भाजपा व प्रदेश सरकार को घेरते हुए असहज भी किया। जिसके बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौर के अमर्यादित आचरण के वीडियो को लेकर 23 जून को भाजपा प्रदेश संगठन ने नोटिस जारी किया। 24 जून को पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने पार्टी संगठन को अपना जवाब दिया और खुद को पार्टी का सच्चा सिपाही बताया था। भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट ने निष्कासन पत्र जारी करते हुए कहा कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर के स्पष्टीकरण से पार्टी नेतृत्व संतुष्ट नहीं है।

    सुरेश राठौर की ओर से लगातार पार्टी की मर्यादा एवं सामाजिक आचरण का उल्लंघन किया गया। इसलिए सुरेश राठौर को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। सुरेश राठौर हरिद्वार जनपद की ज्वालापुर विधानसभा आरक्षित सीट से 2017 में पहली बार विधायक बने। 2024 में वह उत्तरप्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से टिकट मांग रहे थे। पूर्व विधायक सुरेश राठौर अभिनेत्री उर्मिला सनावर से रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से चर्चाओं में हैं। इस रिश्ते को लेकर उन्हें खासी फजीहत भी झेलनी पड़ी है।

    हाल में यह मामला तब चर्चा में आया जब सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर ने सहारनपुर में मीडिया के समुख एक होने की जानकारी दी। इस दौरान उर्मिला ने दावा किया कि सुरेश राठौर ने उन्हें अपनी पत्नी मान लिया। वहीं, सुरेश राठौर ने कहा था कि उर्मिला सनावर जीत गई हैं और मैं हार गया हूं। जिससे यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया।

    अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बाल संवारते हुए पूर्व विधायक सुरेश राठौर का एक वीडियो भी खासी चर्चा में आया, जिसने खासी हलचल मचाई। यही नहीं उर्मिला सनावर सार्वजनिक तौर पर सुरेश राठौर को अपना पति बताती हैं। सुरेश राठौर पहले से भी शादीशुदा है। इसलिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक की दूसरी शादी को उत्तराखंड समान नागरिक संहिता के विरुद्ध बताते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोला था।