Coronavirus: रुड़की में कोरोना के दो संदिग्ध मरीज भर्ती, छह सैंपल जांच को भेजे
सिविल अस्पताल रुड़की के आइसोलेशन वार्ड में कोरोना के दो संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं आइसोलेशन वार्ड में भर्ती छह मरीजों के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है।
रुड़की, जेएनएन। सिविल अस्पताल रुड़की के आइसोलेशन वार्ड में कोरोना के दो संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया है। वहीं आइसोलेशन वार्ड में भर्ती छह मरीजों के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है।
सिविल अस्पताल रुड़की में दो संदिग्ध मरीजों को भर्ती किया गया। दोनों मरीज स्थानीय ही हैं, उनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। लेकिन, खांसी-जुकाम और बुखार की शिकायत के चलते दोनों को भर्ती किया गया है।
वहीं अस्पताल में भर्ती छह लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए दून अस्पताल भेजा जा रहा है। उधर, रविवार को भेजे गए 12 सैंपल की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि यदि इनकी रिपोर्ट निगेटिव आती है तो मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
आइसोलेशन के बाहर लगाया सैंपल कलेक्शन बूथ
नगर निगम की ओर से तैयार कराया गया सैंपल कलेक्शन बूथ अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड के बाहर लगा दिया गया है। अब बूथ की मदद से कोरोना के संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जाएंगे। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि सैंपल कलेक्शन बूथ की मदद से पीपीई किट की बचत होगी। सैंपल अब इसी बूथ से एकत्र किए जाएंगे।
कोल्हू में काम करने वाले 12 लोगों को कराया होम क्वारंटाइन
प्रदेश से बाहर कोल्हू पर काम करने वाले 12 श्रमिकों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन कराया है। चिकित्सकों ने उनके स्वास्थ्य की जांच की। हालांकि जांच में कोई लक्षण नहीं मिला है, लेकिन एहतियात के तौर पर यह कार्रवाई की है।
झबरेड़ा कस्बा निवासी 12 श्रमिक सोमवार को अन्य राज्य से कस्बे में पहुंचे। यह सभी लोग एक कोल्हू पर काम करते थे। श्रमिकों के घर पहुंचने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर पहुंची। टीम में शामिल डॉ. पंकज और डॉ. अमिता आदि ने श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच की।
इसके अलावा कुछ लोगों की गुरुकुल नारसन बॉर्डर पर रोका गया था। उनके स्वास्थ्य की भी जांच की गई, जिन्हें जांच के बाद उनके झबरेड़ा स्थित घर भेज दिया गया। इन सबको होम क्वारंटाइन किया गया है।
नगर पंचायत सफाई व्यवस्था सुपरवाइजर जुल्फान अली ने सभी लोगों को घर पर होम क्वारंटाइन का पोस्टर लगा दिया गया है। नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिकित्सक विवेक तिवारी का कहना है कि बाहर से आए श्रमिकों की जांच की जा रही है। उसके बाद उन्हें उनके घर भेजा रहा है।
दंपती और दो दिन के बच्चे को होम क्वारंटाइन
हरिद्वार के कंटेनमेंट जोन पांवधोई में दंपती और उसके दो दिन के बच्चे को होम क्वारंटाइन किया गया है। कोरोना वायरस के टेस्ट रिपोर्ट न आने के कारण इनको होम क्वारंटाइन किया गया है।
इससे पहले महिला को चार दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य महकमे में महिला के पति को भी क्वारंटाइन किया गया है। ज्वालापुर पांवधोई निवासी एक गर्भवती महिला को चार दिन पहले जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भर्ती से पहले का कोरोना टेस्ट किया गया था।
इस बीच महिला ने एक बच्चे को जन्म दे दिया। दो दिन पूरे होने के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ थे तो परिवार वाले दोनों को लेकर घर जाने लगे, लेकिन अस्पताल प्रशासन की ओर से उनको घर नहीं जाने दिया गया। स्वजनों ने पुलिस में इसकी शिकायत की।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: कोरोना पॉजिटिव को डिस्चार्ज करने पर डीएम ने बैठाई जांच
पुलिस पर मामला आने पर जब अस्पताल प्रशासन से बातचीत की गई तो एक शर्त पर ही अस्पताल की ओर से जच्चा और बच्चा को घर भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग ने महिला की रिपोर्ट न आने तक दंपती और दो दिन के बच्चे को होम क्वारंटाइन कर दिया है। रिपोर्ट आने तक तीनों होम क्वारंटाइन रहेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।