हरिद्वार में बेटे ने दोस्त से कराया पिता का कत्ल, कार से शादी में जा रहे थे; कनपटी पर मारी गोली
बहादराबाद में एक रिटायर्ड एयरफोर्स सैनिक की लिफ्ट लेकर कार में सवार हुए एक बदमाश ने गोली मारकर हत्या कर ...और पढ़ें

आधी रात उपचार के दौरान हुई मौत, हत्यारोपित की तलाश जारी. Concept
HighLights
रिटायर्ड सैनिक की गोली मारकर हत्या
लिफ्ट देने के बाद वारदात
पुलिस जांच में जुटी
संवाद सूत्र, बहादराबाद। लिफ्ट लेकर कार में सवार हुए एक बदमाश ने एयरफोर्स के रिटायर्ड सैनिक की कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना शनिवार रात बहादराबाद क्षेत्र में नहर पटरी मार्ग पर हुई। गोली लगने से घायल रिटायर्ड सैनिक को पहले निजी अस्पताल और फिर हायर सेंटर रेफर किया गया। जहां आधी रात उनकी मौत हो गई।
वहीं कार में लिफ्ट लेकर रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। बेटे की कहानी में झोल नजर आने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की तो लिफ्ट लेने वाला युवक उसका दोस्त ही निकला। इसके बाद पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। फिलहाल इन सभी से पूछताछ चल रही है।
हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से इस मामले का खुलासा नहीं किया है। लेकिन सूत्र बता रहे हैं कि बेटे ने संपत्ति का अकेले वारिस बनने के लिए अपने दोस्तों के साथ मिलकर पिता की हत्या कराई है। उसकी दोनों बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, युवक को लगता था कि पिता के जीवित रहते दोनों बहनों को भी संपत्ति में हिस्सा देना पड़ेगा।
पुलिस के मुताबिक, कनखल के जमालपुर कला निवासी भगवान सिंह 62 वर्ष अपने बेटे यशपाल सिंह के साथ कार से नहर पटरी होते हुए रोशनाबाद एक शादी समारोह में जा रहे थे। ज्वालापुर में जटवाड़ा पुल के पास एक व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी। कुछ दूरी तय करने के बाद अचानक उसी व्यक्ति ने भगवान सिंह की कनपटी पर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बेटे यशपाल की सूचना पर बहादराबाद थाना प्रभारी अंकुर शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जॉली ग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान भगवान सिंह की मौत हो गई।
एसपी सिटी अभय प्रताप ने बताया कि भगवान सिंह भारतीय वायु सेना से वर्ष 2013 में सेवानिवृत्त हुए थे। परिवार में किसी रंजिश से भी इनकार किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है, जल्द ही हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में खौफनाक घटना, रास्ते पर मिला बच्चे का कटा हुआ सिर; धड़ की हो रही है तलाश
यह भी पढ़ें- देहरादून पुलिस पर उठ रहे थे सवाल, एडीजी की फटकार के बाद एक ही दिन में अपहरण के 09 मुकदमे दर्ज
