विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Forest guard recruitment exam: नकल का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे, पहले भी कई को ले चुका है झांसे में

By Raksha PanthariEdited By:
Published: Fri, 21 Feb 2020 05:56 PM (IST)Updated: Fri, 21 Feb 2020 08:20 PM (IST)

वन आरक्षी भर्ती परीक्षा में नकल कराने के मास्टरमाइंड मुकेश सैनी को पुलिस ने धर-दबोचा है। आरोपित को उसके कोचिंग सेंटर से गिरफ्तार किया गया है।

Forest guard recruitment exam: नकल का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे, पहले भी कई को ले चुका है झांसे में
Forest guard recruitment exam: नकल का मास्टरमाइंड चढ़ा पुलिस के हत्थे, पहले भी कई को ले चुका है झांसे में

रुड़की, जेएनएन। वन आरक्षी परीक्षा में नकल कराने और नौकरी दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाले कोचिंग संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कोचिंग संचालक के कब्जे से एक ब्लूटूथ डिवाइस और मोबाइल बरामद किया है। बता दें कि संचालक समेत पूरा गिरोह अधीनस्थ सेवा चयन आयोग(एसएसएससी) की ओर से होने वाली परीक्षाओं में नकल कराने का झांसा देता था। फिलहाल, कोचिंग संचालक से पुलिस पूछताछ कर रही है।

शुक्रवार को सिविल लाइंस कोतवाली में एसएसपी डी. सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने पत्रकार वार्ता कर मामले का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि मंगलौर के कुंआहेड़ी गांव निवासी आलोक हर्ष ने 17 फरवरी को मंगलौर कोतवाली में ओजस्वी कैरियर सेंटर गुरुकुल, नारसन के संचालक मुकेश सैनी निवासी हरचंदपुर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित ने बताया था कि कोचिंग संचालक ने 16 फरवरी को वन आरक्षी परीक्षा में नकल कराने और नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे चार लाख की रकम मांगी थी। एक लाख रुपये एडवांस भी लिए थे। पीड़ित अभ्यर्थी गेट के बाहर इंतजार करता रहा, लेकिन कोई उसे ब्लूटूथ डिवाइस देने नहीं आया। इस कारण उसकी परीक्षा भी छूट गई थी। 

एसएसपी ने सीओ लक्सर अविनाश वर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर शुक्रवार को नारसन स्थित ओजस्वी कोचिंग सेंटर से संचालक मुकेश सैनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से ब्लूटूथ डिवाइस और मोबाइल बरामद हुआ। एसएसपी ने बताया कि आरोपित एसएसएससी की ओर से होने वाली परीक्षाओं में नकल कराने और नौकरी दिलाने का झांसा देता था। आरोपित ने अब तक किन प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराई और कितने लोगों को नौकरी का झांसा दिया है, इसकी जांच की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि गिरोह के अन्य सात आरोपितों की धरपकड़ को दबिश दी जा रही है।

आरोपित को रिमांड पर लेगी पुलिस

कोचिंग संचालक से पूछताछ में कई बात सामने आई है। पुलिस को मामले की गहनता से जांच के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाया है। इसलिए पुलिस आरोपित को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है। परीक्षा के नाम पर चल रहे गिरोह के तार कहां तक जुड़े हैं, इसके लिए पुलिस गहनता से जांच-पड़ताल करेगी।

मुकदमे में बढ़ाई आइटी एक्ट की धारा

मंगलौर पुलिस ने आरोपित कोचिंग संचालक मुकेश सैनी पर धोखाधड़ी का मुकदमा पहले ही दर्ज किया था। अब आरोपित के कब्जे से नकल कराने के लिए उपयोग में आने वाले ब्लूटूथ डिवाइस मिलने पर आइटी एक्ट 67 डी की धारा भी मुकदमे में शामिल की गई है। आरोपित कई प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने की बात पुलिस को बता चुका है।

पौड़ी सीओ ने आरोपित से की पूछताछ

फॉरेस्ट गार्ड की परीक्षा में पास करवाने और नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोपित से पौड़ी सीओ ने पूछताछ की। प्रदेश में 16 फरवरी को फॉरेस्ट गार्ड की परीक्षा का आयोजन किया गया था। परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर उनसे लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई। मामले में एक अभ्यर्थी ने कोचिंग सेंटर संचालक मुकेश सैनी के अलावा सात अन्य लोगों पर भी मुकदमा दर्ज कराया था। पूरे मामने के तार पौड़ी से भी जुड़े हैं। वहां पर भी एक मुकदमा दर्ज हुआ था। शुक्रवार को सीओ सदर पौड़ी वंदना शर्मा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण सिंह कठैत कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपित से पूछताछ की। साथ ही कुछ जरूरी जानकारी जुटाई।

यह भी पढ़ें: फारेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी की जांच बनी विशेष टीम, पढ़िए पूरी खबर

सहयोगी संस्थाओं की भी पुलिस कर रही जांच 

आशंका जताई जा रही है कि प्रदेश के कुछ अन्य संस्थान भी पुलिस की रडार पर हैं। पुलिस ऐसे संस्थानों की जांच कर रही है। इस मामले में आरोपित से पूछताछ की जा रही है। 

यह भी पढ़ें: फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता पर उठे सवाल, आयोग अध्यक्ष व सचिव तलब; जांच के आदेश