विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 08, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Coronavirus: विधायक ही तोड़ रहे लॉकडाउन के नियम, जमातियों से मिले फुरकान, कर्णवाल भी नहीं रहे पीछे

By Bhanu Prakash SharmaEdited By:
Published: Wed, 08 Apr 2020 09:46 AM (GMT+05:30)

कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर बनाए गए तमाम नियमों को विधायक ही तोड़ रहे हैं। कलियर से कांग्रेस विधायक ...और पढ़ें

Coronavirus: विधायक ही तोड़ रहे लॉकडाउन के नियम, जमातियों से मिले फुरकान, कर्णवाल भी नहीं रहे पीछे
Coronavirus: विधायक ही तोड़ रहे लॉकडाउन के नियम, जमातियों से मिले फुरकान, कर्णवाल भी नहीं रहे पीछे

हरिद्वार, जेएनएन। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर बनाए गए तमाम नियमों को विधायक ही तोड़ रहे हैं। हरिद्वार जनपद में तो ऐसा ही देखने को मिल रहा है। कलियर से कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद क्वारंटाइन जमातियों से मिलने पहुंच गए। वहीं, झबरेड़ा से भाजपा विधायक देशराज कर्णवाल भी नियम तोड़ने में पीछे नहीं हैं। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर तमाम एडवाइजरी जारी की गई है, लेकिन जनप्रतिनिधि एडवाइजरी का पालन करने को तैयार नहीं है। कलियर विधायक फुरकान अहमद ने तो गेस्ट हाउस में जाकर क्वारंटाइन जमातियों का हालचाल जाना। उनके उनके इस दौरे पर सवाल उठ रहे हैं।

पूरे देश में लॉकडाउन है। जरूरी सेवा से जुड़े लोगों को छोड़कर शेष सभी को घरों में रखकर काम करने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन कुछ जनप्रतिनिधि एडवाइजरी का पालन नहीं कर रहे हैं। झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल तो कभी बैठक ले रहे तो कभी शारीरिक दूरी का उल्लंघन करते हुए पर्यावरण मित्रों के पैरों को धो रहे हैं। 

इसी बीच कलियर विधायक फुरकान अहमद भी कलियर में पहुंच गए। यहां गेस्ट हाउस में पहुंचकर उन्होंने क्वारंटाइन हुए लोगों का हालचाल जाना और उनसे बातचीत की। अब सवाल यह उठ रहे हैं कि आखिर कलियर विधायक क्वारंटाइन हुए लोगों का हालचाल फोन से या अधिकारियों से भी जान सकते हैं। 

वहीं, इस संबंध में एसपी देहात स्वपन किशोर सिंह ने बताया कि ड्यूटीरत स्टाफ ही क्वारंटाइन लोगों से मिल सकता है। यदि विधायक उन लोगों से मिले हैं तो यह गलत है। इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

सम्मान के दौरान नियम ताक पर

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए लगातार कहा जा रहा है एक दूसरे से दूरी बनाकर रखें। ऐसे में कई बार अच्छी मंशा के बावजूद कुछ लोगों से इसमें चूक हो रही है। ऐसा ही कुछ मंगलवार को झबरेड़ा नगर पंचायत में भी देखने को मिला। 

यहां विधायक देशराज कर्णवाल की ओर से पर्यावरण मित्रों को नोटों की माला पहनाने के साथ ही उनके पैर भी धोये। इस दौरान वह शारीरिक दूरी बनाना भूल गए। दरअसल, झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल मंगलवार को झबरेड़ा नगर पंचायत में पहुंचे। यहां पर उन्होंने नगर पंचायत में कार्यरत 55 पर्यावरण मित्रों के पैर धोते हुए उनको नोटों की माला पहनाई। 

उन्होंने कहा कि संकट के इस समय में झबरेड़ा के पर्यावरण मित्र सराहनीय कार्य कर रहे हैं। रात दिन कस्बे की सफाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को भी इन पर्यावरण मित्रों का उत्साहवर्धन करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने मॉस्क एवं सेनिटाइजर का भी वितरण किया। 

वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी मानवेंद्र सिंह ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पर्यावरण मित्रों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। नगर पंचायत प्रशासन उनका पूरा ध्यान रख रहा है। इस मौके पर उन्होंने सभी पर्यावरण मित्रों को दो-दो हजार रुपये देकर उनका मनोबल बढ़ाया।

राहत कोष के लिए मुहिम चला रहे बलूनी

उत्तराखंड से राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी कोरोना महामारी से निपटने के लिए प्रधानमंत्री कोरोना केयर फंड में लोगों को योगदान देने के लिए लगातार प्रेरित कर रहे हैं। वह प्रतिदिन पांच दानदाताओं की सूची भी सोशल मीडिया में प्रसारित कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: Coronavirus: उत्तराखंड में मंत्री ने जमावड़ा लगाकर तय किया कैसे बंटेगा राशन

सोमवार से शुरू हुई इस मुहिम में पहले दिन उन्होंने पांच लोगों के नाम की सूची जारी की थी। मंगलवार को भी उन्होंने पांच दानदाताओं की सूची जारी की है। इनमें प्रख्यात गीतकार प्रसून जोशी, वन विभाग के पूर्व प्रमुख आरबीएस रावत, हाईकोर्ट के अधिवक्ता राकेश थपलियाल, देहरादून के नामी चिकित्सक महेश कुड़ियाल और युवा उद्यमी सुनील उनियाल शामिल हैं। सोशल मीडिया में इन नामों का उल्लेख करते हुए राज्यसभा सदस्य बलूनी ने लिखा कि चूंकि दानदाताओं ने उनसे राशि गुप्त रखने का अनुरोध किया है, वह केवल उनके नाम साझा कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: कोरोना नहीं देखता धर्म मत और संप्रदाय: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।