जन्मदिन के बहाने बुलाया, दुष्कर्म कर शादी का वादा; फैक्ट्री सुपरवाइजर पर महिलाकर्मी ने ये भी लगाए आरोप
हरिद्वार में एक महिला कर्मी ने सुपरवाइजर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस को दी तहरीर में उसने बताया कि सुपरवाइजर ने जन्मदिन के बहाने उसे कमरे पर बुलाया और फिर उसके साथ ये घिनोनी हरकत की थी।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करने वाली युवती ने सुपरवाइजर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि सुपरवाइजर ने जन्मदिन के बहाने युवती को अपने घर बुलाया और दुष्कर्म किया। बाद में शादी का वादा कर लगातार दुष्कर्म करता रहा। शादी से मना करने पर पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलौर क्षेत्र के एक गांव की युवती सिडकुल की कंपनी में काम करती है। युवती ने सिडकुल थाने में तहरीर देकर बताया कि साथ काम करने के दौरान अल्टेक कंपनी के सुपरवाइजर हिमांशु सिंह से उसकी जान पहचान हो गई। आरोप है कि हिमांशु ने बीते फरवरी में अपना जन्मदिन बताकर धोखे से कमरे पर बुलाया। युवती वहां पहुंची तो कोई नहीं था। आरोप है हिमांशु ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर भरोसा दिलाया कि उसके साथ शादी करेगा। आरोप है कि इसके बाद हिमांशु ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले युवती ने हिमांशु से शादी के लिए कहा तो वह भड़क गया। आरोप है कि गाली-गलौज कर मारपीट की और शादी से इन्कार कर दिया। तब युवती ने पुलिस को तहरीर दी। सिडकुल थानाध्यक्ष लखपत बुटोला ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज जांच शुरू कर दी गई है।
पैसे लेकर ठेकेदार गायब
हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र में एक ठेकेदार निर्माणाधीन मकान मालिक और कारीगर के पैसे लेकर फरार हो गया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है। डैंसो चौक निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसने अपना घर बनाने का ठेका रामधाम कालोनी निवासी ठेकेदार को दिया था। आरोप लगाया कि ठेकेदार ने पैसे लेकर काम पूरा नहीं किया। वहीं, घर के लिए चौखट बनाने वाले कारीगर ने भी ठेकेदार पर हजारों रुपये लेकर भागने का आरोप लगाया है। दोनों ने पुलिस को तहरीर दी है। सिडकुल एसओ लखपत बुटोला ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।