विधवा ने युवक पर लगाया आरोप, शादी का झांसा देकर चार साल तक करता रहा दुष्कर्म
पथरी थानाक्षेत्र में एक विधवा ने गांव के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
हरिद्वार, जेएनएन। हरिद्वार जिले के पथरी थानाक्षेत्र में एक विधवा महिला ने गांव के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला चार बच्चों की मां है। ये भी आरोप है कि युवक चार साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा और अब किसी दूसरी युवती से शादी कर ली है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब 10 वर्ष पहले बीमारी के चलते उसके पति की मौत हो गई थी। उसने आगे बताया कि पड़ोस के रहने वाला एक युवक पिछले चार वर्षों से उसके साथ शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। महिला ने जब शादी के लिए कहा, तो युवक ने जल्द शादी की बात कहकर उसे टाल दिया।
उसने बताया कि युवक ने एक सप्ताह पहले किसी अन्य महिला से शादी कर ली है और उसे अपने घर ले आया है। युवक के इस फैसले के बाद उसने उससे बात भी की। महिला ने आरोप लगाया है कि युवक ने बुरा-भला कहकर अपने घर से भगा दिया। महिला ने धोखा देकर चार साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, आरोपित युवक के पिता ने भी महिला के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके बेटे को झूठा फंसाया जा रहा है। पथरी थानाध्यक्ष सुखपाल मान ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। फिलहाल, मामले की हर पहलू को देखकर जांच की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।