Coronavirus: दो जमाती और एक गर्भवती महिला सहित 10 आइसोलेशन में भर्ती Haridwar News
दो जमाती एक गर्भवती सहित 10 लोगों को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। जमाती एक अन्य अस्पताल में भर्ती थे। दोनों को सिविल अस्पताल में शिफ्ट किया है।
रुड़की, जेएनएन। दो जमाती, एक गर्भवती सहित 10 लोगों को सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। जमाती एक अन्य अस्पताल में भर्ती थे। दोनों को सिविल अस्पताल में शिफ्ट किया है।
सिविल अस्पताल रुड़की के आइसोलेशन वार्ड में आरोग्यम अस्पताल में भर्ती दो जमातियों को शिफ्ट किया है। यह जमाती मानक मजरा गांव के रहने वाले हैं। इसके अलावा एक गर्भवती महिला को बुखार, जुकाम व खांसी की शिकायत थी।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल निवासी तीन श्रमिकों को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया है। यह श्रमिक किसी राहत शिविर से लाए गए हैं। इनको बुखार की शिकायत है। सीएमएस डॉ. संजय कंसल ने बताया कि इनके अलावा चार अन्य को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। इनके सैंपल लेकर जांच को भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कुल 50 लोगों के सैंपल जांच को भेजे हैं।
67 लोगों के सैंपल जांच को भेजे
जिले से 67 लोगों के सैंपल कोरोना संक्रमण जांच के लिए भेजे गये। वहीं पूर्व में लिए गए चार संभावित मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। सीएमओ डॉ. सरोज नैथानी ने बताया कि जिले में अब तक 1403 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें 1278 व्यक्तियों की रिपोर्ट आ चुकी है। इनमें 1271 की निगेटिव और सात की पॉजिटिव आई है। इनमें से पांच ईलाज के बाद स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 115 लोगों की स्क्रीनिंग की गई।
चार परिवारों को किया गया होम क्वारंटाइन
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गैंडीखाता से एक मेडिकल स्टोर संचालक सहित चार परिवारों को होम क्वारंटाइन कर दिया है। दो दिन पूर्व एक परिवार रुड़की से अपने घर गाजीवाली पहुंचा था, जिसकी सूचना एसपीओ राजीव लखेड़ा ने श्यामपुर पुलिस को दी। पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ इस परिवार को होम क्वारंटाइन और परिवार के मुखिया को ज्वालापुर स्थित सेंटर में क्वारंटाइन कर दिया है।
इसके अलावा कांगड़ी से एक परिवार, श्यामपुर से एक और लहाड़पुर में एक परिवार को क्वारंटाइन कर दिया है। वहीं, एसओ श्यामपुर दीपक कठैत ने बताया कि अब संदिग्ध का पता लगने पर परिवार के मुखिया को ज्वालापुर स्थित सेंटर में क्वारंटाइन किया जा रहा है, जबकि परिवार के सदस्यों को होम क्वारंटाइन किया जा रहा है।
गैंडीखाता गुर्जर बस्ती में जनजीवन हुआ सामान्य
गैंडीखाता स्थित गुर्जर बस्ती में करीब एक माह बाद जनजीवन सामान्य हो पाया है। जिला प्रशासन ने लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए जरूरी काम के लिए इजाजत दे दी है। जिला प्रशासन ने गुर्जरों को बाइक से हरिद्वार दूध की सप्लाई करने की भी छूट दी है। इससे गुर्जर काफी खुश हैं।
गैंडीखाता की गुर्जर बस्ती के गुर्जरों का तब्लीगी जमात में शामिल होने की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने सभी की स्क्रीङ्क्षनग कर तीन अप्रैल को सभी को कलियर फैसीलिटी क्वारंटाइन करने के बाद बस्ती को सील कर दिया था।
गुर्जरों को दूध की बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे। सभी को घरों में रहने की हिदायत दी गई थी। पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से बस्ती पर कड़ा पहरा लगाया हुआ था। दूध की बिक्री नहीं होने से गुर्जर काफी परेशान थे, उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। अब सभी की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सभी को संस्थागत क्वारंटीन से अपने घर छोड़ दिया है।
जिलाधिकारी ने बस्ती लगी रोक हटाते हुए लॉकडाउन नियमों का पालन करते हुए हरिद्वार तक दूध की सप्लाई करने की इजाजत दी थी, जिससे गुर्जर काफी खुश नजर आ रहे हैं। गुर्जर मोहम्मद सफी लोधा, बाबू खटाना, रोशनदीन, नूर भड़ाना, शमशेर कसाना, नूर आलम चेची, गनी चेची ने कहा कि अधिकांश गुर्जर परिवार पशुओं का दूध बेच अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, कई लोगों के सामने राशन लाने तक पैसे नहीं थे।
वहीं, थानाध्यक्ष श्यामपुर दीपक कठैत ने बताया कि एक बजे तक दूध बिक्री कर वापस बस्ती में आने की शर्त के साथ अनुमति प्रदान की गई है। लॉकडाउन के नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
क्वारंटाइन से फरार युवक डोईवाला से पकड़ा
चार दिन पहले कनखल के क्वारंटाइन सेंटर से फरार हुए चमोली के युवक को पुलिस ने डोईवाला से पकड़ लिया है। उसे हरिद्वार लाकर दोबारा क्वारंटाइन कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक 21 अप्रैल को हरियाणा से हरिद्वार पहुंचा चमोली का एक युवक कनखल में पुलिस को सड़क पर घूमता मिला था। पुलिस ने उसे क्रिस्टल गंगा होटल में क्वारंटाइन करा दिया था। बीते सोमवार को युवक होटल से फरार हो गया।
पुलिस ने उसकी तलाश करने के बाद कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कराया। आरोपित योगेंद्र भंडारी निवासी देवपुरी हरमनी, थराली चमोली को पुलिस ने डोईवाला के जंगल से पकड़ लिया। कनखल थानाध्यक्ष विकास भारद्वाज ने बताया कि योगेंद्र को हरिद्वार लाकर दोबारा क्वारंटाइन कर दिया गया है। क्वारंटाइन अवधि पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सैंपल कलेक्शन बूथ निर्माण का डीएम ने लिया जायजा
जिलाधिकारी हरिद्वार सी रविशंकर ने नगर निगम पहुंचकर सैंपल कलेक्शन बूथ निर्माण कार्यों को जायजा लिया। उन्होंने इसे कोरोना संदिग्ध मरीजों के सैंपल लेने के लिए बेहद सुरक्षित बताया है। नगर निगम रुड़की आइआइटी रुड़की के सहयोग से 20 कोविड-19 सैंपल कलेक्शन बूथ तैयार करा रहा है। इनमें करीब 20 बूथ तैयार हो चुके हैं। शनिवार को जिलाधिकारी हरिद्वार सी रविशंकर ने रुड़की नगर निगम पहुंचकर बूथ निर्माण के कार्यों का जायजा लिया।
यह बूथ जनपद के सीमावर्ती इलाकों के अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मेला अस्पताल, चिड़ुयापुर बॉर्डर, सप्त ऋषि बॉर्डर पर इन्हें स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर नगर निगम रुड़की के महापौर गौरव गोयल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल, नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, अपर उपजिलाधिकारी गोपाल ङ्क्षसह चौहान एवं सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट आदि मौजूद रहे।
जिला चिकित्सा समिति की बैठक ली
जिलाधिकारी हरिद्वार ने शनिवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर जिला चिकित्सा समिति की बैठक ली। जिलाधिकारी सी रवि शंकर ने समिति पदाधिकारियों को विभिन्न प्रस्तावों को लेकर दिशानिर्देश दिये। बैठक में आय व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। साथ ही वर्ष 2020-21 के लिए बजट का प्रस्ताव भी रखा गया।
यह भी पढ़ें: Coronavirus: 250 लोग किए होम क्वारंटाइन, स्वास्थ्य महकमा बता रहा 45
प्रस्तावों को लेकर जिलाधिकारी की ओर से दिशा निर्देश दिये गए। सिविल अस्पताल में बनने वाले आइसीयू के बारे में भी चर्चा हुई। जल्द से जल्द 10 बेड का आइसीयू तैयार करने के लिए कहा गया। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नमामी बंसल, सीएमओ हरिद्वार डॉ. सरोज नैथानी, नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, सीएमएस डॉ. संजय कंसल, डॉ. मनीष दत्त एवं सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।