Year Ender News 2023: उत्तरकाशी टनल हादसे से लेकर जोशीमठ त्रासदी तक... इन घटनाओं से हिल गया उत्तराखंड
Year Ender News 2023 साल 2023 खत्म होने वाला है। इस साल उत्तराखंड में कुछ ऐसी घटनाएं हुई जिसने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। जोशीमठ में भू-धंसाव से लेकर उत्तरकाशी टनल हादसे तक कुछ ऐसी घटनाएं हुई जिसकी चर्चा देश से लेकर विदेश तक में रही। इन मुद्दों ने लोगों के जेहन में कई सवाल भी खड़े किए।
डिजिटल डेस्क, देहरादून। साल 2023 खत्म होने वाला है। बस चंद दिनों में नए साल की शुरुआत हो जाएगी। खैर जाते-जाते इस एक साल की बात कर लेते हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास का एक नया दौर देखा। जी-20 की बैठक से लेकर निवेश सम्मेलन तक उत्तराखंड में बड़े कार्यक्रम देखने को मिले। जहां एक ओर प्रदेश के विकास पर जोर दिया जा रहा है, तो वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसी घटनाएं हुई जिसने देश-दुनिया का ध्यान उत्तराखंड की ओर खिंचा।
इन घटनाओं ने पहाड़ों की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। न सिर्फ सुरक्षा बल्कि उत्तराखंड में हो रहे कई विकास कार्यो को भी कटघरे में खड़ा कर दिया। अब वो चाहे गौरीकुंड लैंडस्लाइड हो या फिर उत्तरकाशी की सिलक्यारा टनल में फंसे 41 मजदूर। इसके साथ ही चर्चा में रहा जोशीमठ त्रासदी। तो चलिए इस साल को विदा कहते-कहते नजर डाल लेते हैं साल 2023 में उत्तराखंड में हुई कुछ बड़ी और अहम घटनाओं पर।
1- चमोली हादसा (19 जुलाई, 2023)
उत्तराखंड में इस साल सबसे बड़ा हादसा हुआ। इस हादसे में 16 जिंदगियां काल के गाल में समा गईं। उत्तराखंड के चमोली में 19 जुलाई को बड़ा हादसा हुआ था। चमोली बाजार के पास अलकनंदा नदी के किनारे नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर अचानक करंट दौड़ गया था। चंद मिनट में इस करंट ने 16 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। मृतकों में पीपलकोटी चौकी प्रभारी प्रदीप रावत और होमगार्ड मुकंदीलाल भी शामिल थे। वहीं 11 लोग इस हादसे में बुरी तरह झुलस गए थे।
यह भी पढ़ें: Chamoli Accident: हरमनी में सात परिवार की खुशियां छीन ले गई मौत, एक घर से उठी तीन अर्थियां
इस हादसे ने लोगों को सदमे में डाल दिया था। चंद मिनटों में साइट पर लाशें ही लाशें पड़ी थी। इस हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया था। वहीं केंद्र की ओर से 2-2 लाख रुपये दिए गए। इस हादसे में जान गंवाने वालों को उत्तराखंड सरकार की ओर से 5-5 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया था। जुलाई में हुई हादसे की टीस आज भी देखने को मिलती है।
2- गौरीकुंड लैंडस्लाइड (3-4 अगस्त, 2023)
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में 3 से 4 अगस्त की रात को भयावह आपदा आई। रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड डाट पुलिया के पास भारी बारिश से लैंडस्लाइड हुई। इस लैंडस्लाइड में 23 से ज्यादा लोग बह गए थे। इस हादसे ने चारधाम यात्रा पर भी ब्रेक लगा दिया था। इस लैंडस्लाइड से आई तबाही में 23 लोग लापता हुए थे, जिसमें से 17 मूल रूप से नेपाल के थे।
यह भी पढ़ें: Gaurikund Accident: भूस्खलन हादसे में लापता एक और शव हुआ बरामद, 15 की तलाश जारी
लापता लोगों को ढूंढने के लिए महीनों तक सर्च ऑपरेशन चला, लेकिन इसमें सफलता हाथ नहीं लगी। आपदा के कुछ घंटों बाद ही तीन शव बरामद हो गए थे। अगले कुछ दिनों में करीब 19 लोगों के शव बरामद कर लिए गए थे। महीनों तक सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार इसे रोक दिया गया था। हालांकि बाद में भी शव बरामद किए गए थे।
3- उत्तरकाशी टनल हादसा (12 नवंबर, 2023)
उत्तराखंड एक बार फिर सुर्खियों में आया और इस बार तो न सिर्फ देश बल्कि विदेश में भी उत्तराखंड की चर्चा थी। 12 नवंबर को जहां पूरा देश दीपावली का त्योहार मना रहा था, तो वहीं उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बड़ा हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग 134 पर निर्माणाधीन सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग सुबह करीब 5:30 बजे ध्वस्त हो गई। इस हादसे में 41 मजदूर टनल के अंदर फंस गए। खबर मिलते ही उत्तरकाशी में जमावड़ा लग गया।
12 नवंबर से इन 41 मजदूरों की जान बचाने के लिए मशक्कत शुरू हुई। पहले देश के कर्मियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन फिर मुसीबतें बढ़ती चली गई। 12 नवंबर से शुरु हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन 17वें दिन जाकर पूरा हुआ। 29 नवंबर को जाकर 41 मजदूरों को सुरंग से सही सलामत बाहर निकाला गया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में विदेशी मशीनों और विदेशी विशेषज्ञों की मदद ली गई। अर्नोल्ड डिक्स ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली और देश के 12 रैट माइनरों की टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम तक पहुंचाया।
17 दिनों तक इन 41 मजदूरों के परिवार वाले आंखे लगाए अपनों का इंतजार कर रहे थे। इस ऑपरेशन की पल-पल की अपडेट प्रधानमंत्री ले रहे थे। जनरल वीके सिंह से लेकर पीएमो के अधिकारी मौके पर पहुंचे रहे। 17 दिनों तक उत्तरकाशी लाइमलाइट में रहा। देश से लेकर विदेश तक सभी 41 श्रमिकों के लिए प्रार्थना कर रहे थे। अंत में 29 नवंबर को बड़ी सफलता मिली और 41 जिंदगियों को सही सलामत बाहर निकाल लिया गया।
4- बार डांसर की हत्या (11 सितंबर, 2023)
उत्तराखंड सितंबर महीने में एक बार फिर से चर्चा में आया था। बार डांसर की हत्या से देहरादून सुर्खियों में आया। महिला मित्र की हत्या के आरोप में पुलिस ने देहरादून में तैनात आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल रामेन्दू उपाध्याय को गिरफ्तार किया था। दरअसल आर्मी के इस कर्नल ने अपनी प्रेमिका को इसलिए मौत के घाट उतार दिया था क्योंकि वह उन पर शादी का दबाव बना रही थी। परिवार में कलह होने के चलते आरोपित ने उसका कत्ल कर दिया।
यह भी पढ़ें: Dehradun Murder Case: बार डांसर से अफेयर... तीन साल तक साथ गुजारी रातें, अवैध रिश्ते का ऐसा खौफनाक अंत
वर्ष 2020 जनवरी में उसकी मुलाकात नेपाली मूल की युवती श्रेया शर्मा से डांस बार सिटी सेंटर मॉल सिलीगुड़ी पंश्चिम बंगाल में हुई थी। जहां पर उसे श्रेया शर्मा बहुत पसंद आई। इनका सालों तक प्रेम प्रसंग चला, लेकिन जब बात शादी तक पहुंची तो रिश्ता खराब होने लगा। इसको लेकर परिवार में कलह होने के चलते आरोपित ने उसका कत्ल कर दिया। सौड़ा सरोली के निकट सिरवालगढ़ में युवती का शव मिला था। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से की गई चोटों और शरीर पर खरोंच के निशान थे। इतनी निर्मम तरीके से युवती की हत्या की गई थी कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल था। हालांकि पुलिस ने 24 घंटे के अंदर इस मर्डर का राज फाश कर लिया था।
5- रिलायंस ज्वेलरी शोरूम लूट ( 9 नवंबर, 2023)
नवंबर महीने में देहरादून में देश की सबसे बड़ी लूट हुई थी। 10-15 लाख नहीं बल्कि 14 करोड़ के गहने यहां डकैतों ने लूट लिए। रिलायंस ज्वेलरी शोरूम में पांच बदमाश डकैती डालने के लिए पहुंचे। गार्ड को बंधक बनाया और इन डकैतों ने 14 करोड़ के गहनों पर हाथ साफ कर लिया। इस मामले पुलिस ने तहकीकात शुरू की तो ये जांच अलग-अलग राज्यों तक पहुंच गई थी। इस मामले में पुलिस ने कई गुर्गों को पकड़ा।
6- जोशीमठ भू-धंसाव (जनवरी 2023)
उत्तराखंड में जिस मुद्दे की सबसे ज्यादा चर्चा रही वो था जोशीमठ। उत्तराखंड का एक ऐसा इलाका जिसका अस्तित्व खतरे में पड़ गया। उत्तराखंड के प्राचीन शहर जोशीमठ के घरों में अचानक दरारें आ गई थी। घरों में चौड़ी दरारों से यहां के लोग दहशत में आ गए। न सिर्फ घर की दीवारें बल्कि सड़कों में भी दरारें आने लगी। जोशीमठ की दरकती जमीन आज भी लोगों के लिए संकट का विषय है। लोगों को यहां से शिफ्ट तो किया गया, लेकिन अपना सब कुछ खोने का डर लोगों को अभी भी सता रहा है।
यह भी पढ़ें: Joshimath News: 47 साल से आपदा का दंश झेल रहा जोशीमठ, बरसात ने फिर बढ़ाई मुसीबत- कई घरों में आई दरारें
जोशीमठ में हो रहे भू-धंसाव के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। विशेषज्ञों की टीम आज भी यहां जांच कर रही है। आज भी जोशीमठ के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।