Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Shardiya Navratri 2021: नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा, भक्तों ने माता का लिया आशीर्वाद

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Fri, 08 Oct 2021 09:05 AM (IST)

    नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा की गई। भक्‍तों ने मंदिरों में पूजा की और मां का आशीर्वाद लिया। ब्रह्मचारिणी ब्रह्म शक्ति का प्रतीक है। ...और पढ़ें

    Hero Image
    आज शुक्रवार को नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की गई।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। आज शुक्रवार को नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना की गई। भक्‍तों ने मंदिरों में जाकर पूजा की और माता का आशीर्वाद लिया। ब्रह्मचारिणी ब्रह्म शक्ति यानी तप की शक्ति का प्रतीक है। इनकी पूजा अर्चना करने से भक्तों की तप करने की शक्ति बढ़ती है। कथा का सार है कि जीवन के संघर्षों में मन को विचलित नहीं होना चाहिए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मां दुर्गा की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र की शुरुआत गुरुवार से हो गई है। भक्तों ने जयकारों और माता के भजनों के साथ माता का स्वागत किया। मंदिर और घरों में घट स्थापना के साथ पहले दिन माता के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की गई। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही, घरों में हवन हुआ।

    नवरात्र के पहले दिन घर एवं मंदिरों में श्रद्धालुओं ने माता की प्रतिमाएं स्थापित की हैं। श्रद्धालु भक्ति गीतों और ढोल की थाप पर नाचते-गाते प्रतिमाएं लेकर आए और उन्हें विधि-विधानपूर्वक स्थापित किया एवं अखंड ज्योति प्रज्जवलित की गई। दुर्गा सप्तशती का पाठ और हवन किया गया। माता के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने शुरू हो गए थे। मंदिरों में कलश यात्रा भी निकाली गई। श्री सनातन धर्म मंदिर प्रेम नगर में देवी के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना पुजारी राजू उपाध्याय ने पूरे विधि विधान से की। शाम को मंदिर में भजन कीर्तन हुए। इस दौरान मंदिर के प्रधान सुभाष माकिन, अवतार किशन, गुलशन माकिन, रवि भाटिया, नरेंद्र खत्री, कांता चावला, संगीता भाटिया, अनीता मल्होत्रा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

    मां कालिका मंदिर में 54 ब्राह्मणों ने किया पाठ

    नवरात्र के पहले दिन मां कालिका का अभिषेक सुबह पांच बजे दूध, दही, घी, शक्कर, इत्यादि से हुआ। नवीन वस्त्र धारण करवाने के बाद मंदिर के मुख्य पुजारी ने घट स्थापना किया। इस दौरान मंदिर समिति की ओर से आमंत्रित 54 ब्राह्मणों को तिलक कर सभी ब्राह्मणों ने संकल्प लेकर मां दुर्गा सप्तशती का पाठ व मां दुर्गा का जाप किया। इस अवसर पर समिति के ट्रस्टी रमेश साहनी, दयाल धवन नरेश मैनी, अशोक लांभा, उमेश मिनोचा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

    पृथ्वीनाथ मंदिर में भजन संध्या आयोजित

    पृथ्वीनाथ मंदिर में महंत श्री श्री 108 रविंद्र पुरी महाराज के सानिध्य में कोविड-19 के दिशा निर्देशों के साथ पूजा अर्चना एवं घट स्थापना हुई। इस दौरान माता के भजनों की विशेष संध्या का आयोजन भी हुआ। दिगंबर दिनेश पुरी ने मां भगवती के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री का स्मरण कर मंदिर में विराजमान मां भगवती की प्रतिमा को पंचामृत इत्यादि से स्नान करवाकर नए वस्त्र पहनाए। इस दौरान आचार्य पंडित भारत भूषण भट्ट, दिगंबर भागवत पुरी, दिलीप सैनी, नरेद्र ठाकुर, अनिल गोयल, आनंद जिंदल, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, अनुराग अग्रवाल, एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, संजय गर्ग समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

    दशहरे के लिए तैयारियों पर बैठक

    सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर में दशहरा कमेटी प्रेम नगर एवं धर्मशाला समिति के संयुक्त तत्वाधान में प्रेम नगर में रावण दहन के कार्यक्रम को लेकर विशेष बैठक संपन्न हुई। बैठक में कार्यक्रम संयोजक राजीव पुंज ने बताया कि भव्य आतिशबाजी के बीच लंका दहन एवं रावण मेघनाथ कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए प्रशासन की गाइड लाइन का इंतजार है।

    यह भी पढ़ें:- Shardiya Navratri : आज से शारदीय नवरात्र शुरू, इस बार आठ दिन के ही होंगे नवरात्र