Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Shardiya Navratri : आज से शारदीय नवरात्र शुरू, इस बार आठ दिन के ही होंगे नवरात्र

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Thu, 07 Oct 2021 08:02 AM (IST)

    Shardiya Navratri आज गुरुवार से शारदीय नवरात्र शुरू हो गए है। इस बार नवरात्र आठ दिन के होंगे। घटस्थापना का मुहूर्त आज सुबह 1137 बजे से लेकर 1223 बजे त ...और पढ़ें

    Hero Image
    आज से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। खास बात यह है कि इस बार नवरात्र आठ दिन के होंगे।

    जागरण संवाददाता, देहरादून। Shardiya Navratri आज से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। घटस्थापना का मुहूर्त सुबह 11:37 बजे से 12:23 बजे तक रहेगा। खास बात यह है कि इस बार नवरात्र आठ दिन के ही होंगे। मान्यता है कि नवरात्र के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने पर माता रानी अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। ज्योतिषाचार्य डा. आचार्य सुशांत राज के अनुसार सात अक्टूबर को चित्रा नक्षत्र, वैधृति योग में शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ होगा। तृतीया और चतुर्थी एक ही दिन पड़ने के कारण इस बार शारदीय नवरात्र आठ दिन के होंगे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मंदिरों में की गई पूजा अर्चना

    हरिद्वार और आसपास क्षेत्रों में नवरात्र पूजन धूमधाम से किया जा रहा है। शक्ति की अधिष्ठात्री देवी मां दुर्गा की उपासना के आध्यात्मिक रंग में धर्मनगरी डूबी है। मंदिरों के साथ ही घरों में भक्तों ने कलश की स्थापना कर माता के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की। मां मनसा देवी मंदिर पर सुबह के समय भव्य आरती हुई। माता के मंदिरों को विशेष तौर पर सजाया गया है। जगह -जगह पूजन सामग्री, माता के श्रृंगार का सामान आदि के स्टाल सजे हैं।

    डोली पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा

    नवरात्र पर इस साल मां दुर्गा डोली पर सवार होकर आएंगी। पंडित विष्णु प्रसाद भट्ट ने बताया कि देवी भागवत पुराण के अनुसार, नवरात्र की शुरुआत सोमवार या रविवार से होती है तो इसका अर्थ है कि माता हाथी पर सवार होकर आएंगी। शनिवार और मंगलवार को माता अश्व पर सवार होकर आती हैं। जब नवरात्रि बृहस्पतिवार या शुक्रवार से शुरू होते हैं तो इसका अर्थ है कि माता डोली पर सवार होकर आएंगी। इस साल नवरात्रि बृहस्पितवार से शुरू हो रहे हैं।

    बाजार में दिन भर रही रौनक

    शारदीय नवरात्र से पहले बुधवार को पूजन सामग्री खरीदने वालों से बाजार पटे रहे। झंडा बाजार, सार्इं मंदिर बाजार, धर्मपुर बाजार, पलटन बाजार, आराघर, राजपुर समेत शहर के सभी छोटे-बड़े बाजार में पूजन सामग्री की दुकानों में लोग की भीड़ देखने को मिली। वहीं नवरात्र को लेकर शहर के विभिन्न मंदिरों को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया जा रहा था।

    एक घंटे तक है कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त

    ज्योतिषाचार्य विनोद झा के अनुसार कलश स्थापना के लिए अभिजित मुहूर्त ज्योतिष शास्त्र में सर्वोत्तम माना गया है। इस मुहूर्त में अनेक दोष का स्वत: नाश हो जाता है। इसी समय के अंदर कलश स्थापन करना शुभ होगा।

    राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं

    राज्यपाल ले.जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रों की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि नवरात्र व्रत पूजन, मातृ शक्ति की आराधना के साथ ही मन की शुद्धि और आत्म संयम बढ़ाने का अवसर भी होता है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में कहा कि देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना का यह पर्व हमें मातृ शक्ति की उपासना तथा सम्मान की प्रेरणा देता है। समाज में नारी के महत्व को प्रदर्शित करने वाला यह पर्व भारतीय संस्कृति की महान परंपरा का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी से कोविड गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की है।

    यह भी पढ़ें:-Navaratra 2021: नवरात्र के लिए बाजार सजे, कारोबारियों के चेहरे खिले; जानें कब से हो रहे शुरू और शुभ मुहूर्त