यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में आखिरकार मेहरबान हुआ मौसम, भीषण गर्मी से राहत
Uttarakhand Weather Update बेचैन करने वाली गर्मी से परेशान उत्तराखंड वासियों को मौसम ने फौरी राहत दी है। पिछले एक ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update बेचैन करने वाली गर्मी से परेशान उत्तराखंड वासियों को मौसम ने फौरी राहत दी है। पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से चल रहा बारिश का इंतजार आखिरकार शुक्रवार को खत्म हुआ। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को सही साबित करते हुए प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे मैदानों में खासी राहत महसूस की गई। अब अगले कुछ दिन कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का क्रम बना रहेगा।
20 जून के बाद से प्रदेश के अधिकतर इलाके बारिश को तरस गए थे। शुष्क मौसम और चटख धूप से तापमान भी कुलांचे भर रहा था। खासकर मैदानी इलाकों में लू के थपेड़े बेहाल कर रहे थे। ऐसे में हर कोई बारिश की आस में आसमान की ओर टकटकी लगाए देख रहा था। मौसम विभाग ने भी शुक्रवार को उत्तराखंड के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी।
.jpg)
हालांकि, सुबह चटख धूप खिलने के बाद मौसम विभाग की भविष्यवाणी पर सवाल उठने लगे, लेकिन दोपहर बाद करीब ढाई बजे बादल उमड़ आए, जिसके बाद देहरादून के ज्यादातर इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हुई। तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला करीब एक घंटे तक चला। इसके अलावा नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी, पौड़ी में भी बादल खूब बरसे। इससे तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, मसूरी में हल्की बूंदाबांदी के बाद ही मौसम खुल गया। देर शाम यहां बादलों ने फिर डेरा डाल लिया।
.jpg)
हल्की बारिश का दौर रहेगा जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले कुछ दिन उत्तराखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के कई दौर हो सकते हैं। खासकर नैनीताल और पिथौरागढ़ में तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं। इसके बाद आठ जुलाई से प्रदेश में बारिश का सिलसिला तेज होने की आशंका है।
.jpg)
झमाझम बारिश से सड़कें तरणताल
दून में दोपहर बाद हुई बारिश से कई जगह सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। घंटाघर, दर्शनलाल, बहल चौक, एस्लेहाल चौक, कनक चौक, लैंसडौन चौक, पलटन बाजार, धामावाला बाजार, प्रिंस चौक, रेलवे स्टेशन, भंडारी बाग, नालापानी चौक, सहस्रधारा क्रासिंग आदि क्षेत्रों में नालियां चोक होने से पानी सड़क पर बहता रहा।
.jpg)
रीठा मंडी में नाली का गंदा पानी भी दुकानों में घुस गया। जबकि, मालदेवता में बारिश के कारण फिर सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा आ गया। इधर, जाखन में बारिश के बाद खतरनाक हुई सड़क पर करीब एक दर्जन दुपहिया वाहन फिसल गए, जिससे कई वाहन सवार गंभीर चोटिल हुए।
