यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 08, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में पहाड़ में बारिश और चोटियों पर बर्फबारी का दौर जारी
Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। शुक्रवार को लगातार छठे दिन प्रदेश के ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। शुक्रवार को लगातार छठे दिन प्रदेश के निचले पहाड़ी इलाकों में बारिश और चोटियों पर हिमपात हुआ। मौसम विभाग ने आज भी पर्वतीय क्षेत्रों में गरज के साथ बौछारें पड़ने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। मैदानी इलाकों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।
पहाड़ी इलाकों में मौसम ने दोपहर बाद फिर करवट बदली। चोटियों पर हिमपात और निचले इलकों में काफी देर तक रिमझिम बारिश होती रही। गंगोत्री, यमुनोत्री में करीब दो घंटे तक बारिश का दौर चला। बदरीनाथ और केदारनाथ में चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। दून, हरिद्वार समेत अन्य मैदानी इलाकों में शाम को बादल छा गए। उधर, कुमाऊं के पर्वतीय इलाकों में बीती रात जमकर बारिश हुई। तराई और भाबर में हल्की बूंदाबांदी हुई। पिथौरागढ़ जिले में भी बारिश का दौर जारी है।
इससे सीमांत क्षेत्र के नालों का जलस्तर बढऩे लगा है। वहीं, चंपावत और अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर स्थित पनार में मलबा आने से सड़क बंद हो गई। पिथौरागढ़ से हल्द्वानी, अल्मोड़ा आवागमन करने वाले सैकड़ों वाहन काफी देर तक फंसे रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक अगले दो दिन उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बादल छाये रह सकते हैं। इस दौरान बारिश होने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। मैदानी इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभिन्न शहरों का तापमान
- शहर -----अधिकतम--न्यूनतम
- देहरादून ----33.1-----18.8
- उत्तरकाशी--24.0-----15.0
- मसूरी -------20.1----- 08.5
- टिहरी -------22.2-----10.8
- हरिद्वार----34.3-----20.0
- जोशीमठ----22.0-----11.0
- पिथौरागढ़--24.7-----12.0
- अल्मोड़ा----24.3-----13.8
- मुक्तेश्वर---20.4-----08.0
- नैनीताल----20.7-----12.5
- यूएसनगर --32.9-----20.0
- चंपावत-----22.6-----11.3