विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बारिश बर्फबारी का दौर जारी, अंधड और ओलावृष्टि को लेकर आज भी ऑरेंज अलर्ट

By Sunil NegiEdited By:
Published: Fri, 07 May 2021 07:43 AM (IST)

Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में बारिश-ओलावृष्टि और बर्फबारी का सिलसिला थम नहीं रहा है। आकाशीय बिजली गिरने और अतिवृष्टि से ...और पढ़ें

गुरुवार शाम के समय मौसम ने करवट बदली और बारिश शुरू हुई।
गुरुवार शाम के समय मौसम ने करवट बदली और बारिश शुरू हुई।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में बारिश-ओलावृष्टि और बर्फबारी का सिलसिला थम नहीं रहा है। आकाशीय बिजली गिरने और अतिवृष्टि से हुए नुकसान के बाद अब ओले फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। दून समेत मैदानी इलाकों में भी अंधड़ और तेज बारिश आफत बनी हुई है। मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को भी प्रदेश में ओलावृष्टि और अंधड़ को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 

गुरुवार को प्रदेश में चारधाम समेत अन्य चोटियों पर फिर हिमपात हुआ। चमोली जिले के बदरीनाथ धाम सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पिछले चार दिन से लगातार बर्फबारी होती रही। वहीं, निचले इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि से फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। जिससे काश्तकारों की चिंता बढ़ गई है।

बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब के अलावा ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि गोपेश्वर, पांडुकेश्वर, जोशीमठ, पीपलकोटी, घाट, पोखरी समेत अन्य निचले इलाकों में तेज बारिश हुई। घाट में बारिश के चलते आपदा प्रभावित सहमे रहे। यहां बीते दिनों आई आपदा के बाद घरों व दुकानों से मलबा हटाने का कार्य अभी भी जारी है। गंगोत्री व यमुनोत्री में दोपहर के समय झमाझम बारिश हुई थी। कुमाऊं में गुरुवार को बारिश, ओलावृष्टि एवं तेज हवाओं का क्रम बन रहा।

पिथौरागढ़ जिले में विगत पांच दिनों से अलग-अलग हिस्से में बारिश व ओलावृष्टि हो रही है। जबकि, उच्च हिमालय में हिमपात जारी रहा। बागेश्वर जिले के कपकोट में दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। अल्मोड़ा जिले के फल उत्पादक इलाकों में ओलावृष्टि ने तैयार हो रहे फलों को खासा नुकसान पहुंचाया है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोडा, नैनीताल और चंपावत में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के आसार हैं। जबकि, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में  कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है।  इसके अलावा मैदानी इलाकों में 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। 

दून और मसूरी में तेज बारिश

दून और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादलों और धूप की आंख मिचौनी जारी रही। इस बीच सुबह से शाम तक बारिश के एक से दो दौर हुए। शाम को दून में अंधड़ के साथ बौछारें पडऩी शुरू हुईं और काफी देर तक झमाझम बारिश हुई। मसूरी में ओलावृष्टि और बारिश के कई दौर हुए। जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

प्रमुख शहरों का तापमान 

  • शहर---------------अधिकतम---न्यूनतम 
  • देहरादून------------33.6---------20.7
  • मसूरी---------------21.0---------12.4
  • टिहरी---------------23.0---------12.4
  • उत्तरकाशी---------23.6---------15.8
  • हरिद्वार-----------34.0---------21.5
  • जोशीमठ-----------22.0---------10.2
  • पिथौरागढ़---------24.3---------10.6
  • अल्मोड़ा-----------24.0---------12.1
  • मुक्तेश्वर----------20.8---------10.5
  • नैनीताल-----------20.4---------12.0
  • चंपावत------------21.8---------09.1
  • ऊधमसिंह नगर--34.0---------22.6 

यह भी पढ़ें-Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, चारधाम में बर्फबारी; कई हिस्सों में ओलावृष्टि

Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।