Weather Update: उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, केदारनाथ में बिछी बर्फ की चादर; मैदानों में शीतलहर का प्रकोप
Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है। केदारनाथ में हल्की बर्फबारी हुई है जबकि पूरे राज्य में बादल छाए हुए हैं। ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रुड़की में घना कोहरा और शीतलहर चल रही है। नैनीताल में मौसम सुहावना है लेकिन बादल छाए हुए हैं। बागेश्वर में मौसम बदल रहा है और ठंड बढ़ गई है।

ऑनलाइन डेस्क, देहरादून। Uttarakhand Weather Update: शनिवार को मौसम में आए बदलाव से केदारनाथ में हल्की बर्फबारी हुई। वहीं पूरे जिले में दिनभर बादल छाए रहे, जिससे जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ गया।
शनिवार सुबह मौसम ने एक बार फिर से करवट बदली, केदारघाटी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पूरे दिन बादल छाए रहे। केदारनाथ समेत ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। वहीं निचले इलाकों में बादल छाने से कड़ाके की ठंड महसूस की गई। दिन में कभी-कभी हल्की धूप भी खिली।
वहीं ठंड बढ़ने से इसका सीधा असर जनजीवन पर पड़ा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लोग अपने घरों में ही दुबके रहे, जबकि बाजारों में भी लोगों की चहलकदमी कम रही।
रविवार को भी बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्के हिमपात के आसार हैं और निचले इलाकों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। निकाय चुनाव के मतदान के दिन आगामी 23 जनवरी को प्रदेशभर में भारी वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं। शुक्रवार को दिनभर चटख धूप खिलने के बाद शनिवार को मौसम ने फिर करवट बदल ली।
शनिवार को सुबह से ही दून समेत समूचे प्रदेश में आंशिक से लेकर मुख्यत: बादल मंडराते रहे। जिससे ठिठुरन फिर बढ़ गई और पारे में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, सर्द हवाओं ने भी दुश्वारियां बढ़ाई। शाम को केदारनाथ समेत आसपास की चोटियों पर हल्के हिमपात का दौर शुरू हो गया। जबकि, अन्य धाम में देर रात तक बर्फबारी नहीं हुई थी।

मौसम ने ली करवट, छाया घना कोहरा और चली शीतलहर
रुड़की: शिक्षानगरी में शनिवार को मौसम ने करवट बदल दी। सुबह वातावरण में घना कोहरा छाया रहा और शीतलहर भी चलती रही। जिस कारण मौसम में कड़ाके की ठंड घुल गई। ऐसे में ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों में पैक रहे। साथ ही लोग जगह-जगह अलाव जलाकर हाथ सेकते नजर आए। शहर में शनिवार को मौसम दिनभर सर्द बना रहा। इस वजह से जनजीवन प्रभावित रहा।
शहर और आसपास के क्षेत्रों में अलसुबह वातावरण में घना कोहरा छाया रहा। साथ ही शीतलहर भी चलती रही। कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम रही। ऐसे में वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा रहा। ठंड अधिक होने के कारण स्कूल-कालेज एवं दफ्तर जाने वाले लोग भी कंपकंपाते हुए गंतव्य तक पहुंचे। दोपहर दो बजे के बाद हल्की धूप निकली लेकिन कुछ देर बाद गायब भी हो गई।
उधर, ठंड से बचाव के लिए सड़कों के किनारे लोग जगह-जगह अलाव जलाकर हाथ सेकते दिखाई दिए। वहीं ठंड बढ़ने से शनिवार को बाजारों में भीड़भाड़ कम देखने को मिली। मौसम का मिजाज बदलने से शुक्रवार की तुलना में शनिवार को शहर के दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर 18 डिग्री सेल्सियस रेकार्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
उधर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले में 22 जनवरी तक आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। मौसम ठंडा एवं शुष्क बना रहेगा।
.jpg)
हल्के बादलों के साथ सुहावना बना रहा नैनीताल का मौसम
नैनीताल: सरोवर नगरी का मौसम शनिवार हल्के बादलों के साथ सुहावना बना रहा। अधिकांश समय धूप खिली रही। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। नगर में सुबह के समय आसमान में घने बादल छाए हुए थे। दिन चढ़ने के साथ ही मौसम का मिजाज बदलता चला गया। इसके साथ ही हल्के बादलों का आना जाना शुरू हो गया और दोपहर में ताप बढ़ने से धूप में बैठना असहनीय हो गया।
शाम के समय फिर से घने बादल छा गए। जिस कारण ठंड में बढ़ोतरी हो गई और आग व हीटर का सहारा लेना पढ़ा। राज्य मौसम विभाग देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना रहेगा, हालांकि बादलों का आना जाना लगा रहेगा। हिमपात व वर्षा की संभावना नहीं है। इधर वीकेंड पर विभिन्न नगरों से पहुंचे सैलानियों ने मौसम के साथ नगर के रमणीक पर्यटन स्थलों का आनंद उठाया।
नगर के पर्यटन स्थल स्नोव्यू, चिड़ियाघर, वाटर फाल, केव गार्डन व हिमालय दर्शन में पूरे दिन सैलानियों की आवाजाही रही। मालरोड में भी रौनक रही। साथ ही बाजारों में सैलानी गिफ्ट खरीदारी करते भी दिखे। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 81 व न्यूनतम 48 प्रतिशत रही।

बागेश्वर में बदलते मौसम ने बढ़ाई ठंड
बागेश्वर: जिले में दिनभर मौसम करवट बदलते रहा। जिस कारण ठंड बढ़ गई है। हिमालयी गांवों में सबसे अधिक परेशानी हो रही है। वहां बादल छाते ही हिमपात होने लगता है। जिस कारण पशुपालक सबसे अधिक परेशान हैं। शनिवार को सुबह से ही बादल छा गए। रात को आसमान साफ रहने से जमकर पाला गिरा। तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोगों ने अलाव जलाए। 11 बजे तक लोग ठंड से ठिठुरते रहे। उसके बाद धूप-छांव का खेल चला।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फ की फुहारें गिरने की सूचना है। वहां बर्फीली हवाएं चलने से पारा शून्य तक पहुंच गया। जिसके कारण नलों में पानी जम रहा है। बिजली तथा संचार सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं। इधर, जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने कहा कि ठंड से बचन के लिए नगर तथा कस्बाई क्षेत्रों में अलाव जलाए जा रहे हैं। कंबल वितरित भी किए गए हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।