Uttarakhand Rains: लगातार बारिश के कारण खतरे के निशान तक पहुंचा यमुना का जलस्तर, तटवर्ती इलाकों में अलर्ट
लगातार बारिश के कारण डाकपत्थर बैराज में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान पर पहुंच गया है। पुलिस ने तटीय क्षेत्रों में बसे लोगों को अलर्ट जारी किया है और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। यमुना के साथ टोंस और अन्य नदियों का जलस्तर भी बढ़ा है। बैराज से शक्ति नहर में पर्याप्त पानी छोड़ा जा रहा है जबकि मछली पकड़ने पर रोक लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, विकासनगर । लगातार वर्षा के बीच डाकपत्थर बैराज में शनिवार को भी यमुना का जल स्तर खतरे के निशान पर रहा। इसे देखते हुए पुलिस ने लाउड हेलर के माध्यम से नदियों के किनारे बसे लोगों को अलर्ट किया है। तटवर्ती क्षेत्र में बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
शुक्रवार रात भी मूसलधार वर्षा हुई। विकासनगर क्षेत्र में 41 एमएम, कालसी में 2.8 एमएम और त्यूणी क्षेत्र में 1.6 एमएम वर्षा रिकार्ड की गई। डाकपत्थर बैराज में यमुना का जल स्तर दूसरे दिन शनिवार को भी खतरे के स्तर पर ही रहा।
मैदानी व पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण एक तरफ विकासनगर, सेलाकुई, सहसपुर में जलभराव लोगों को परेशान कर रहा है, वहीं वर्षा से यमुना, टोंस, आसन, स्वारना, रवासन नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। इसे देखते हुए पछवादून में पुलिस ने लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को अलर्ट किया कि वह यदि नदी किनारे बसें हों तो हट जाएं, नदी में मछली पकड़ने न जाएं। वर्षा काल में नदी नालों से दूर रहें।
डाकपत्थर बैराज से शक्ति नहर में छोड़ा जा रहा पर्याप्त पानी
शनिवार को डाकपत्थर बैराज में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के स्तर 455.37 मीटर पर पहुंच गया, जबकि इच्छाड़ी डैम में टोंस नदी का जलस्तर अभी नीचे हैं। यहां पर जलस्तर 643.60 मीटर पर है, जबकि यहां पर खतरे का स्तर 644.75 मीटर पर है। टोंस नदी में पानी का डिस्चार्ज 164.01 क्यूमेक व यमुना में पानी का डिस्चार्ज 228.17 क्यूमेक दर्ज किया गया है।
डाकपत्थर बैराज से शक्तिनहर में पर्याप्त पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि ढालीपुर व ढकरानी जल विद्युत उत्पादन केंद्रों में बिजली उत्पादन बेहतर हो सके। बैराज में पांड लेबल को नियंत्रित करने के लिए बीच बीच में पानी छोड़ा जा रहा है।
एक मोटर मार्ग अब भी बंद
चकराता : पहाड़ से मलबा आने के कारण मोटर मार्गों का बंद होना शुरू हो गया है। मलबा आने से लोनिवि चकराता का रावना पुरोड़ी मोटर मार्ग किलोमीटर तीन में बंद हो गया। उधर, शुक्रवार को बंद हुए पीएमजीएसवाइ कालसी के बिरपा बैंड खारसी खाटुवा मोटर मार्ग व लोनिवि चकराता के कुनैन मोटर मार्ग से मलबा हटाकर यातायात सुचारू करा दिया गया।
नदियों में मछली पकड़ने पर पाबंदी
विकासनगर : भले ही नदियों का जलस्तर बढ़ रहा हो, लेकिन मछली पकड़ने वाले भी बाज नहीं आ रहे हैं। जबकि डाकपत्थर बैराज झील में मछली पकड़ना प्रतिबंधित है। बैराज से अचानक पानी छोड़ने पर मछली पकड़ने वालों की जान खतरे में पड़ सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।