Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Politics: प्रदेश भाजपा का नया मुखिया कौन होगा, दिल्ली पर टिकी निगाहें

    Updated: Thu, 24 Apr 2025 10:33 AM (IST)

    उत्तराखंड भाजपा के नए अध्यक्ष को लेकर अटकलें तेज हैं। वर्तमान अध्यक्ष को अवसर मिलेगा या नया चेहरा आएगा इस पर सबकी निगाहें दिल्ली पर टिकी हैं। क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए पार्टी मंथन कर रही है। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही चुनाव की तिथि घोषित करेगा जिससे ब्यूरो-प्रदेश भाजपा का नया मुखिया कौन होगा इसका फैसला हो जाएगा।

    Hero Image
    नए अध्यक्ष को लेकर पार्टी को क्षेत्रीय और जातीय समीकरण भी साधने हैं।

    राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड भाजपा का नया मुखिया कौन होगा, वर्तमान अध्यक्ष को ही पार्टी अवसर देगी अथवा नया चेहरा लाएगी, ऐसे प्रश्नों को लेकर सभी दिल्ली की ओर टकटकी लगाए हैं। नए अध्यक्ष को लेकर पार्टी को क्षेत्रीय और जातीय समीकरण भी साधने हैं। 

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    माना जा रहा है कि इस माह के आखिर में केंद्रीय नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की तिथि घोषित कर देगा। इसके बाद ही प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी, इस संबंध में तस्वीर साफ हो सकेगी।

    50 प्रतिशत से ज्यादा मंडल इकाइयों का गठन

    भाजपा के संविधान के अनुसार, 50 प्रतिशत से अधिक मंडल व जिला इकाइयों का गठन होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होता है। इस दृष्टि से देखें तो राज्य में भाजपा 50 प्रतिशत से ज्यादा मंडल इकाइयों का गठन कर चुकी है। 

    यही नहीं, 19 सांगठनिक जिला इकाइयों में से 18 में अध्यक्ष घोषित किए जा चुके हैं। ऐसे में अब प्रदेश अध्यक्ष के लिए सभी की उत्सकुता होना स्वाभाविक है। 

    अभी तक के परिदृश्य पर नजर दौड़ाएं तो प्रदेश भाजपा के मुखिया के चुनाव में क्षेत्रीय व जातीय समीकरण बहुत मायने रखते हैं। पार्टी के सत्ता में होने पर मुख्यमंत्री यदि कुमाऊं से होंगे तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष गढ़वाल से होगा।

    यह भी देखा जाता है कि मुख्यमंत्री ठाकुर हैं तो प्रदेश अध्यक्ष ब्राह्मण होगा। पार्टी स्तर पर इन कसौटियों को ध्यान में रखते हुए लंबे समय से मंथन चल रहा है। 

    इन नामों पर चल रही चर्चा

    जिन नामों की अध्यक्ष पद के लिए चर्चा है, उनमें वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अलावा विधायक विनोद चमोली, दायित्वधारी व वरिष्ठ नेता ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी समेत कुछ अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं।

    पूर्व में कहा गया था कि नवरात्र में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो जाएगा, लेकिन तब यह विषय टल गया। इसके बाद 25 अप्रैल तक अध्यक्ष पद के चुनाव की तिथि घोषित होने की बात सामने आई थी, लेकिन अब कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले की घटना के बाद यह तिथि पीछे खिसक सकती है। 

    चर्चा है कि 30 अप्रैल को केंद्रीय नेतृत्व चुनाव की तिथि घोषित कर सकता है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नियुक्त पर्यवेक्षक राजकुमार चाहर और चुनाव प्रभारी सौदान सिंह देहरादून पहुंचेंगे।

    प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए केंद्रीय नेतृत्व से तिथि घोषित होने का इंतजार है। यह घोषित होते ही आगे की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। 

    -खजानदास, प्रदेश चुनाव अधिकारी, भाजपा।