Uttarakhand Panchayat Election Result: गांव की सरकार का हुआ गठन, अब तक घोषित हुए 8939 परिणाम
उत्तराखंड के 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजे आने शुरू हो गए हैं जिसमें जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान के कुल 10831 पदों के लिए मतदान हुआ था। खबर लिखे जाने तक 8939 पदों के परिणाम घोषित हो चुके थे। मतगणना जारी है और विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। इस बार महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा।

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। प्रदेश के 12 जिलों में हुए त्रिस्तरीय पंचायतों के लिए जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान के कुल 10,831 पदों के लिए हुए चुनाव के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। खबर लिखे जाने तक 8939 पदों के परिणाम आ चुके थे।
इनमें से जिला पंचायत के 358 पदों में से 170, क्षेत्र पंचायत के 2974 पदों में से 2245 और ग्राम प्रधानों के 7499 पदों में से 6524 पदों के परिणाम घोषित किए जा चुके थे। देर रात तक मतगणना जारी थी। इसके शुक्रवार दोपहर तक चलने की संभावना है। ग्राम पंचायतों में 55,587 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए भी चुनाव हुए लेकिन इनका आंकड़ा आयोग की वेबसाइट पर जारी नहीं किया गया।
प्रदेश में इस बार त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव दो चरणों में कराए गए थे। इनमें कुल 69.16 प्रतिशत मतदान हुआ। इसमें पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान प्रतिशत अधिक रहा। पुरुषों ने 64.23 प्रतिशत और महिलाओं ने 74.42 प्रतिशत वोट डाले।
गुरूवार सुबह आठ बजे प्रदेश के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर मतों की गणना शुरू हुई। चूंकि मतदान बैलेट से कराए गए थे इसलिए परिणाम आने में समय लग रहा है। नौ बजे से परिणाम आने शुरू हो गए थे।
इसके साथ ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने मतगणना केंद्रों के बाहर मिष्ठान वितरण करने के साथ ही अबीर-गुलाल उड़ा कर जश्न मनाना शुरू कर दिया था। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
मतगणना का पहला चरण रात आठ बजे समाप्त हुआ। आठ बजे दूसरी शिफ्ट के कर्मचारियों ने मतगणना का कार्य शुरू किया। मतगणना देर रात तक चल रही थी।
कुल पद - 10831
- जिला पंचायत सदस्य- 358
- क्षेत्र पंचायत सदस्य - 2974
- प्रधान ग्राम पंचायत - 7499
- परिणाम घोषित - 8939
- जिला पंचायत सदस्य - 170
- क्षेत्र पंचायत सदस्य - 2245
- प्रधान, ग्राम पंचायत- 6524
जिला पंचायत सदस्यों के परिणाम
- अल्मोड़ा- 10
- बागेश्वर- 11
- चमोली- 09
- चंपावत - 15
- देहरादून -13
- नैनीताल- 09
- पौड़ी- 27
- पिथौरागढ़- 15
- रुदप्रयाग- 17
- टिहरी गढ़वाल- 18
- यूएस नगर- 06
- उत्तरकाशी- 23
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।