Panchayat Election: 10 से 17 किमी पैदल चलकर बूथ पहुंचेगी 101 पोलिंग पार्टी, मतदान से तीन दिन पहले होंगी रवाना
राज्य निर्वाचन आयोग पंचायत चुनावों को लेकर सतर्क है। उत्तरकाशी चमोली व पिथौरागढ़ के दूरस्थ बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां तीन दिन पहले रवाना होंगी क्योंकि उन्हें 10-17 किमी पैदल चलना होगा। आठ अन्य जिलों की 561 पार्टियां दो दिन पहले रवाना होंगी। रात में पोलिंग पार्टियों का मूवमेंट नहीं होगा। कर्मचारियों को रेन कवर और मतपेटी के लिए वाटरप्रूफ थैले दिए जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आपदा का खलल न पड़े इसे लेकर राज्य निर्वाचन आयोग के स्तर से तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसी कड़ी में तय किया गया है कि पोलिंग पार्टियां रात में मूवमेंट नहीं करेंगी।
तीन जिलों उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों के लिए 101 पोलिंग पार्टियां मतदान से तीन दिन पहले रवाना की जाएंगी। ये 10 से 17 किलोमीटर तक की पैदल दूरी तय कर बूथ तक पहुंचेंगी।
इसके अलावा आठ जिलों में 561 पोलिंग पार्टियों को बूथ तक पहुंचने के लिए पांच से 10 किमी की दूरी पैदल नापनी होगी। ये पार्टियां मतदान से दो दिन पहले रवाना होंगी। शेष 9867 पार्टियां एक दिन पहले प्रस्थान करेंगी, जो पांच किमी तक की पैदल दूरी तय करेंगी।
वर्षाकाल में आपदा के दृष्टिगत पंचायत चुनाव को लेकर आयोग विशेष सतर्कता बरत रहा है। इसे देखते हुए जिन 12 जिलों में पंचायत चुनाव हो रहे हैं, वहां आपदा से निबटने के लिए आकस्मिक योजना तैयार की गई है।
इसे भी पढ़ें- मतदान से 72 घंटे पहले मोर्चा संभालेंगे राज्य स्तरीय नोडल अधिकारी, निर्वाचन आयोग ने जारी किए निर्देश
इसी के तहत दूरस्थ क्षेत्रों के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी का क्रम नियत किया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राहुल कुमार गोयल के अनुसार यह भी तय किया गया है कि पोलिंग पार्टियों का मूवमेंट रात में नहीं होगा। यदि किसी बूथ पर देर शाम तक मतदान होता है तो वहां से पोलिंग पार्टियां अगले दिन वापस लौटेंगी। इसके अलावा अन्य कदम भी उठाए गए हैं।
वर्षा से बचाव को पहली बार रेन कवर
आयोग के सचिव के अनुसार चुनाव ड्यूटी में लगे प्रत्येक कार्मिक को रेन कवर दिया गया है। इसके साथ ही मतपेटी, मतपत्र की सुरक्षा के लिए वाटर प्रूफ थैले दिए जाएंगे। कार्मिकों के लिए वाटर प्रूफ की व्यवस्था भी की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।