Uttarakhand Panchayat Chunav: देहरादून में जिला पंचायत चुनाव में खिसकी भाजपा की जमीन, कांग्रेस के अच्छे आसार
देहरादून जिला पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को पछाड़ दिया है। यहां 30 सीटों में से कांग्रेस ने 12 जीतीं जबकि भाजपा को केवल 7 सीटें मिलीं। निर्दल प्रत्याशियों ने 11 सीटें हासिल कीं। भाजपा को बड़ा नुकसान हुआ है जबकि कांग्रेस ने शानदार वापसी की है। कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने जौनसार बावर में अपनी पकड़ मजबूत की।

अंकुर अग्रवाल, जागरण देहरादून। पंचायत चुनाव में इस बार देहरादून जिले में भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। जिला पंचायत सदस्यों की 30 सीटों के लिए भाजपा ने 28 पर अधिकृत प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन इनमें केवल 07 ही पार्टी की लाज बचा पाए।
शेष 21 सीटों पर भाजपा को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। वहीं, कांग्रेस ने इस बार भाजपा को पटखनी देते हुए 12 सीटों पर कब्जा जमाया, जबकि पार्टी ने केवल 16 सीट पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे थे। निर्दल चुनाव लड़कर विजयी हुए 11 प्रत्याशियों में भी 05 कांग्रेस पृष्ठभूमि के हैं, जबकि यहां भी भाजपा मात खा गई। भाजपा पृष्ठभूमि के केवल 02 निर्दल प्रत्याशी विजयी हुए हैं। शेष चार विजयी निर्दल ऐसे हैं, जिनकी किसी तरह की राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं रही है।
राजनीतिक दलों के लिहाज से दून जिले की विधानसभा की स्थितियों पर नजर दौड़ाएं तो वर्ष-2022 के चुनाव में कांग्रेस प्रीतम सिंह के रूप में केवल एक सीट चकराता पर अपनी लाज बचा पाई थी, जबकि बाकी नौ सीटों पर वर्तमान में सत्ताधारी भाजपा काबिज है।
लगातार दो बार से राज्य की सत्ता में काबिज भाजपा ने पिछले पंचायत चुनाव-2019 में जिला पंचायत की 17 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस की झोली में आठ सीटें आई थी।पांच सीटों पर निर्दल प्रत्याशियों ने मैदान मारा था, लेकिन इस बार यह समीकरण एकदम बदल गए हैं।
कांग्रेस ने चौंकाने वाली वापसी करते हुए इस बार 12 सीटों पर कब्जा जमाया है, यानी उसे सीधे पांच सीट का फायदा हुआ है। वहीं, भाजपा को 10 सीट का नुकसान झेलना पड़ा। इस बार निर्दल प्रत्याशियों की संख्या भी दोगुना से अधिक हो गई है। ऐसे में अब जिला पंचायत अध्यक्ष को लेकर जोड़-तोड़ शुरू हो गई है।
मुन्ना-मधु पर भारी पड़े प्रीतम
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने पंचायत चुनाव में जौनसार बावर में न केवल अपनी जमीन फिर मजबूत की बल्कि विकासनगर के भाजपा विधायक मुन्ना चौहान और उनकी पत्नी निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान पर हर लिहाज से भारी पड़े।
जौनसार बावर की 11 जिला पंचायत सीटों में सात पर कांग्रेस प्रत्याशियों ने विजयश्री का आर्शीवाद पाया, जबकि भाजपा को तीन पर ही संतोष करना पड़ा। शेष बची एक सीट पर विजयी हुए निर्दल प्रत्याशी भी कांग्रेस पृष्ठभूमि के हैं। चकराता के बृनाड बास्तील से प्रीतम सिंह के बेटे अभिषेक सिंह चौहान ने जबकि कालसी ब्लाक के कचटा से भाजपा की मधु चौहान ने जीत दर्ज की।
इस चुनाव में जहां अभिषेक ने पहली बार मैदान में उतरकर जहां अपने परिवार की सियासी विरासत को बरकार रखा है, वहीं दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं मधु चौहान ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज की है। अभिषेक सिंह को 4005 मत मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के शांतिराम को 2096 मत पर संतोष करना पड़ा। मधु चौहान को 5523 मत मिले, जबकि उनकी प्रतिद्वंदी अंजू राठौर को 4198 मत मिले।
भाजपा की झोली से खिसकी यह सीटें
- चकराता: रायगी, बायला व माेहना
- कालसी: मंगरौली व आरा
- विकासनगर: केदारवाला, डाकपत्थर-द्वितीय व जस्सोवाला
- सहसपुर: चंद्राेटी, सुद्धोवाला व शंकरपुर-द्वितीय
- रायपुर: द्वारा
- डोईवाला: बड़कोट, साहबनगर व खदरी खड़गमाफी
वर्ष 2025 व 2019 में जिला पंचायत सदस्यों की स्थिति
- ब्लाक: चकराता
- कुल सीट: 06
- वर्ष 2025 चुनाव, कांग्रेस: 05, भाजपा: 01
- वर्ष 2019 चुनाव, कांग्रेस: 03, भाजपा: 03
- ब्लाक: कालसी
- कुल सीट: 05
- वर्ष 2025 चुनाव, भाजपा: 03, कांग्रेस: 02
- वर्ष 2019 चुनाव, भाजपा: 05, कांग्रेस: 00
- ब्लाक: विकासनगर
- कुल सीट: 07
- वर्ष 2025 चुनाव, कांग्रेस: 03, भाजपा: 02, निर्दल: 02
- वर्ष 2019 चुनाव, कांग्रेस: 01, भाजपा: 03, निर्दल: 03
- ब्लाक: सहसपुर
- कुल सीट: 05
- वर्ष 2025 चुनाव, भाजपा: 01, कांग्रेस: 01, निर्दल: 03
- वर्ष 2019 चुनाव, भाजपा: 02, कांग्रेस: 02, निर्दल: 01
- ब्लाक: डोईवाला
- कुल सीट: 05
- वर्ष 2025 चुनाव, कांग्रेस: 01, निर्दल: 04
- वर्ष 2019 चुनाव, कांग्रेस: 01, भाजपा: 03, निर्दल: 01
- ब्लाक: रायपुर
- कुल सीट: 02
- वर्ष 2025 चुनाव, भाजपा: 01, निर्दल: 01
- वर्ष 2019 चुनाव, भाजपा: 01, कांग्रेस: 01
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।