Uttarakhand Nikay Chunav Result: उत्तराखंड में महापौर पदों पर BJP का कब्जा, कांग्रेस का नहीं खुला खाता; पूरी लिस्ट
उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव परिणाम 2023 में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। 11 नगर निगमों में से 11 पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में भी भाजपा आगे चल रही है। रात दो बजे तक घोषित नतीजों में 11 नगर निगमों में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड में 11 नगर निगम समेत 100 नगर निकायों के लिए मतपेटियों में बंद प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा शनिवार को मतगणना प्रारंभ होने के साथ खुल गया। निकायों में भाजपा ने दमदार प्रदर्शन किया है, जबकि निर्दलीयों ने भी अपनी ताकत दिखाई है। अब तक घोषित नतीजों में 11 नगर निगमों में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की है। केवल एक निगम में निर्दलीय ने जीत दर्ज की है।
देहरादून, काशीपुर, हरिद्वार, रुड़की, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, ऋषिकेश व कोटद्वार में महापौर पदों पर भाजपा ने कब्जा जमाया। श्रीनगर नगर निगम में महापौर पद निर्दलीय की झोली में गया है। नगर निगमों में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल पाया है।
वर्ष 2018 में हुए पिछले चुनाव में महापौर के पांच पदों पर भाजपा, दो में कांग्रेस व एक में निर्दल जीते थे। 11 नगर निगम, 43 नगर पालिका परिषद व 46 नगर पंचायतों के चुनाव के लिए गुरुवार को हुए मतदान के बाद निकाय प्रमुखों और पार्षद-सभासद व सदस्य पदों के 1382 पदों पर खड़े 5405 प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया था। यह पिटारा शनिवार को राज्यभर में बनाए गए 54 मतगणना केंद्रों में मतगणना प्रारंभ होने के साथ खुला।
सुबह आठ बजे से 986 टेबल में मतों की गिनती शुरू हुई और दोपहर बाद से नतीजे भी आने लगे। सबसे पहले छोटे निकायों नगर पंचायत नंदानगर व नगर पालिका परिषद दुगड्डा के परिणाम घोषित किए गए। परिणाम और रुझान मिलने पर प्रत्याशियों व उनके समर्थकों के चेहरों के भाव भी बदलते रहे।
रात एक बजे तक चार नगर निगम, 37 नगर पालिका परिषद व 38 नगर पंचायत अध्यक्षों के नतीजे घोषित किए जा चुके थे। नगर निगमों में पिथौरागढ़ में भाजपा प्रत्याशी कल्पना देवलाल ने 9466 मत प्राप्त कर कांटे के मुकाबले में अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय मोनिका महर (9449) को मात्र 17 मतों के अंतर से हराया। अल्मोड़ा नगर निगम में भाजपा के अजय वर्मा विजयी रहे। उन्होंने 9136 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के भैरव गोस्वामी (6563) को 2573 मतों पराजित किया।
हल्द्वानी में महापौर पद के भाजपा प्रत्याशी गजराज बिष्ट (71962) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के ललित जोशी (68068) को पराजित किया। नगर निगम रुद्रपुर में भाजपा के विकास शर्मा विजयी रहे। शर्मा को 41836 और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मोहन खेड़ा को 32992 मत मिले।
ऋषिकेश में महापौर पद पर भाजपा के शंभू पासवान ने जीत दर्ज की। उन्होंने 23958 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय दिनेश चंद्र मास्टर (20980) को 2878 मतों से शिकस्त दी। कोटद्वार में महापौर पद पर भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह रावत (38173) ने कांग्रेस की रंजना रावत (23941) को 14232 मतों के अंतर से हराया।
नगर निगम श्रीनगर में महापौर पद पर निर्दलीय आरती भंडारी (7959) ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की आशा उपाध्याय (6320) को 1639 मतों के अंतर से हराया।
सभी निकायों में नतीजे जारी, ये बने 11 निगमों में मेयर
- देहरादून में भाजपा के सौरभ थपलियाल
- हरिद्वार से भाजपा की किरण जैसल
- काशीपुर से भाजपा के दीपक बाली
- रुड़की से भाजपा की अनिता देवी अग्रवाल
- अल्मोड़ा में भाजपा के अजय वर्मा
- हल्द्वानी से भाजपा के गजराज बिष्ट
- पिथौरागढ़ में भाजपा की कल्पना देवलाल
- कोटद्वार में भाजपा के शैलेंद्र सिंह रावत
- रुद्रपुर से भाजपा का विकास शर्मा
- ऋषिकेश से भाजपा के शंभू पासवान
- श्रीनगर में निर्दलीय आरती भंडारी
पिथौरागढ़ में मतगणना के दौरान हंगामा
नगर निगम पिथौरागढ़ की मतगणना के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब भाजपा प्रत्याशी के पति निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में पहुंच गए। इस पर निर्दलीय प्रत्याशी के देवर भी उधर जाने लगे तो उनके पास को लेकर आपत्ति हुई। इसे लेकर हंगामा बढ़ता देख निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना रोक दी। बाद में किसी तरह मामला शांत हुआ। इसके चलते लगभग आधा घंटा मतगणना रुकी रही। यही नहीं, मतगणना पूरी होने पर अंतिम चक्र की फिर से गणना हुई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।