अटल बिहारी बाजपेयी को उत्तराखंड ने किया याद, भारत ही नहीं, विश्व के एक थे एक महान नेता
अटल बिहारी वाजपेयी (Atal Bihari Vajpayee) को उनके जन्मदिवस पर पूरे उत्तराखंड में याद किया गया। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

जागरण संवाददाता, देहरादून। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर प्रदेशभर में भाजपा ने विभिन्न आयोजन किए। प्रदेश कार्यालय से लेकर महानगर और बूथ स्तर पर श्रद्धांजलि सभा के साथ ही रक्तदान शिविर व कवि सम्मेलन आयोजित किए गए। भाजपाइयों ने कहा कि अटल भारतीय राजनीति के प्राण पुरुष थे। उन्होंने भाजपा की बुनियाद रखी और अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उनकी विरासत को आगे ले जा रहे हैं।
शनिवार को बलबीर रोड स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने स्वर्गीय वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनके जन्मदिवस को संपूर्ण विश्व सुशासन दिवस के रूप में मनाता है। कहा कि उनका सौभाग्य रहा कि उन्होंने अटल के साथ प्रवास भी किया। विद्यार्थी परिषद में उनके सानिध्य में अनेकों बार एक छात्र की तरह उन्हें मार्गदर्शन मिला। कैलाश विजयवर्गीय ने उनकी कविता 'कदम मिलाकर चलना होगा...', को इंगित करते हुए उत्तराखंड के चुनाव के लिए एक रूपरेखा के रूप में प्रस्तुत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि आपातकाल के बाद 1977 में हुए लोकसभा चुनाव में जनता पार्टी की जीत हुई थी और वे मोरारजी भाई देसाई के नेतृत्व वाली सरकार में विदेश मामलों के मंत्री बने। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा को हिंदी में संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा नेता शौर्य डोभाल ने कहा जब राजनीतिक व्यक्ति होने के नाते मूल्य आधारित राजनीति का विचार अटल ने ही दिया।
महानगर में अटल को दी गई श्रद्धांजलि
भारतीय जनता पार्टी महानगर देहरादून की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिवस मनाया गया। अटल के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन परिचय दिया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी महानगर कोषाध्यक्ष गुप्ता, विधि प्रकोष्ठ के संयोजक राजकुमार तिवारी, महामंत्री रतन सिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की महानगर उपाध्यक्ष मधु जैन, सचिन जैन, ब्रिजलेश गुप्ता आदि उपस्थित थे। उधर, भाजपा आंबेडकर नगर मंडल के अध्यक्ष विशाल गुप्ता के निर्देशन में महिला मोर्चा अध्यक्ष विमला गौड़ की ओर से शक्ति केंद्र संयोजक भाग सिंह नेगी के निवास स्थान पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।
अटल के जन्मदिवस पर 155 यूनिट रक्त एकत्रित
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर भाजपाइयों ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया। मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा की ओर से रायपुर विधानसभा क्षेत्र के नेहरू कालोनी में आयोजित रक्तदान शिविर की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और महापौर सुनील उनियाल गामा ने किया। इस दौरान कुल 155 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस अवसर पर धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, पूर्व मंत्री राज कुमार पुरोहित, मंजू शर्मा, पिंकी शर्मा, संगीता खन्ना आदि उपस्थित रहे।
कवि सम्मेलन का आयोजन
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में कैंट विधानसभा क्षेत्र में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कवि डा. अर्जुन सिसोदिया, डा. महेंद्र अजनबी, डा. सौरभ कांत शर्मा ने वीर रस एवं हास्य रस की कविताओं का पाठ किया। इस अवसर पर सम्मेलन के आयोजक भाजपा प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान ने आभार प्रकट करते हुए भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
आयुष्मान कार्ड शिविर लगाया
कैंट विधानसभा क्षेत्र के इंदिरानगर बस्ती में समाजसेवी व भाजपा नेता सिद्धार्थ बंसल की ओर से निश्शुल्क आयुष्मान स्वास्थ कार्ड व ई-श्रम कार्ड का शिविर आयोजित किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर लगाए गए शिविर का क्षेत्र के दर्जनों निवासियों ने लाभ उठाया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।