Uttarakhand Election: दिल्ली में देर रात चुनावी रणनीति पर दिग्गजों ने किया मंथन, बड़े नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
सीएम धामी आज दिल्ली के दौरे पर रहेंगे। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें केदारनाथ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों के संबंध में अपडेट देंगे। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री पांच नवंबर को केदारनाथ आ रहे हैं।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। अब जबकि विधानसभा चुनाव के लिए बेहद कम समय रह गया है तो भाजपा अपनी चुनावी रणनीति को धार देने में जुट गई है। इस कड़ी में भाजपा के दिग्गजों ने सोमवार रात दिल्ली में मंथन किया। रात करीब साढ़े 12 बजे तक चली बैठक में नई रणनीति के तहत बूथ स्तर तक पार्टी जनों को मैदान में उतारने के साथ ही बड़े नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। दीपावली के बाद पार्टी राज्य में जन सभाएं शुरू करेगी। प्रबुद्ध सम्मेलन भी किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्रियों की ड्यूटी भी राज्य में लगाई जाएगी। साथ ही विपक्ष के हमलों का तथ्यों व तर्कों के साथ सटीक जवाब देने की रणनीति भी बैठक में तय की गई। बैठक में टिकट बटवारे समेत अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। इस बैठक के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय शाम को देहरादून से दिल्ली पहुंचे थे। प्रदेश अध्यक्ष कौशिक के अनुसार बैठक में अन्य कई मसलों पर भी चर्चा हुई।
भाजपा के लिए आगामी विधानसभा चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न भी है। वर्ष 2017 में पार्टी ने विधानसभा की 70 में से 57 सीटें जीतकर इतिहास रचा था। अब वह पांच साल में सत्ताधारी दल बदल जाने के मिथक को तोड़ने की तैयारी में जुटी है। यह ठीक है कि पिछले साढ़े चार वषों में डबल इंजन के बूते राज्य में काफी कार्य हुए हैं, लेकिन इस अवधि में सरकार में दो बार नेतृत्व परिवर्तन के सवालों से भी उसे जूझना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को भी स्वयं को कसौटी पर साबित करना है।
इस सबको देखते हुए भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रहा है। इसके लिए केंद्रीय मंत्रियों के राज्य में दौरों की शुरुआत हो चुकी है। सोमवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, केंद्रीय गृह मंत्री एवं पार्टी के रणनीतिकार अमित शाह, भाजपा के उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, उत्तराखंड के चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, सह चुनाव प्रभारी सरदार आरपी सिंह व लाकेट चटर्जी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक व प्रदेश संगठन मंत्री अजेय कुमार ने चुनावी रणनीति पर गहन मंथन किया।
बैठक में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अब तक के कार्यों की समीक्षा की गई। चुनावी रणनीति के साथ ही निकट भविष्य में टिकटों के बटवारे और विपक्ष के हमलों का जवाब देने के संबंध में मुख्य रूप से चर्चा हुई। इस बात पर भी जोर दिया गया कि समाज के विभिन्न वगोर्ं के व्यक्तियों को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जोड़ा जाए। बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पांच नवंबर के केदारनाथ दौरे के संबंध में विमर्श हुआ।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।