Updated: Wed, 26 Mar 2025 08:31 PM (IST)
Uttarakhand BJP New President उत्तराखंड भाजपा को नवरात्र में नया मुखिया मिल सकता है। पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की तिथि घोषित करेगा। मौजूदा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दोबारा मौका मिलेगा या फिर कोई नया चेहरा आएगा इस पर सबकी निगाहें टिकी हैं। क्षेत्रीय संतुलन और जातिगत समीकरणों को साधने के लिए भाजपा नेतृत्व मंथन में जुटा है।
राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। Uttarakhand BJP New President: धामी मंत्रिमंडल में विस्तार और फेरबदल की चर्चा के बीच उत्तराखंड भाजपा को भी नवरात्र में नया मुखिया मिल सकता है। इसके लिए पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की तिथि घोषित करेगा। इसके साथ ही प्रदेश भाजपा का नया मुखिया कौन होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व बदली परिस्थितियों में मौजूदा अध्यक्ष पर ही भरोसा जताता है या फिर नया चेहरा लाता है, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो चली है। यद्यपि, सूत्रों का कहना है कि क्षेत्रीय संतुलन व जातिगत समीकरणों को देखते हुए पार्टी नेतृत्व मंथन में जुटा है। अध्यक्ष पद पर किसके नाम की लाटरी खुलेगी, नवरात्र में इससे पर्दा उठ सकता है।
भाजपा के संविधान के अनुसार 50 प्रतिशत से अधिक मंडल व जिला इकाइयों के अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। इस दृष्टि से देखें तो राज्य में भाजपा 50 प्रतिशत से ज्यादा मंडल इकाइयों का गठन कर चुकी है, जबकि 19 सांगठनिक जिला इकाइयों में से 18 में अध्यक्ष घोषित किए जा चुके हैं।
अब प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होना है, जिसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय चुनाव प्रभारी की ओर से चुनाव की तिथि का इंतजार किया जा रहा है। इसके साथ ही भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इसे लेकर चर्चा तेज होने लगी है।
![]()
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट। जागरण आर्काइव
दोनों मंडलों में संतुलन साधते आई है भाजपा
समीकरणों के हिसाब से देखें तो भाजपा दोनों मंडलों में संतुलन साधने के लिए एक से मुख्यमंत्री तो दूसरे से प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करती आई है। इसी तरह इसमें जातिगत समीकरणों को भी कसौटी पर परखा जाता है। वर्तमान परिदृश्य को देखें तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कुमाऊं मंडल से हैं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट गढ़वाल मंडल से हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर हैं तो प्रदेश अध्यक्ष ब्राह्मण। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के दृष्टिगत ऐसे सभी पहलुओं पर पार्टी नेतृत्व मंथन कर रहा है।
यह भी चर्चा है कि बदली राजनीतिक परिस्थितियों में पार्टी वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष पर ही दांव खेल सकती है। यदि गढ़वाल से किसी अन्य चेहरे को लाया जाता है तो पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक विनोद चमोली व मदन कौशिक, भाजपा के वर्तमान प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, दायित्वधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल अथवा अन्य किसी नेता के नाम पर पार्टी विचार कर सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए हमारी तैयारी पूरी है। जैसे ही राष्ट्रीय नेतृत्व से तिथि घोषित की जाएगी, चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। -खजानदास, विधायक एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी
यह भी पढ़ें- ग्लेशियरों की सेहत पर गंभीर खतरा, 30 सालों में घटी 36 फीसद बर्फ; 200 करोड़ की आबादी के लिए बुरी खबर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।