विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी के शहरों की तरह उत्‍तराखंड के इस शहर में भी लगा जाम, सुबह से रात तक बुरा हाल; कई घंटे लोग परेशान

Published: Sun, 16 Feb 2025 06:42 PM (IST)

Traffic Jam ऋषिकेश में ट्रैफिक जाम एक आम समस्या है जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को काफी परेशानी होती है। ...और पढ़ें

Traffic Jam: सप्ताहांत में शहर में रहा भीषण जाम, आंतरिक मार्गों में बेतरतीब वाहन बने समस्या
Traffic Jam: सप्ताहांत में शहर में रहा भीषण जाम, आंतरिक मार्गों में बेतरतीब वाहन बने समस्या

HighLights

  1. रात तक शहर के कई मार्गों पर यातायात जाम रहा, आंतरिक मार्गों में सुबह से रात तक रही बुरी स्थिति
  2. यातायात पुलिस और नगर निगम की निष्क्रियता के कारण शहरवासी रहे परेशान

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। Traffic Jam: सप्ताहांत के चलते रविवार को ऋषिकेश में भीषण यातायात जाम रहा। सुबह से ही वाहनों का दबाव बना रहा। जबकि, दोपहर बाद से रात तक शहर के मुख्य मार्ग भीषण जाम से जूझते नजर आए।

वहीं, आंतरिक मार्गों में कहीं अतिक्रमण, बेतरतीब पार्किंग तो कहीं ट्रांसपोर्ट वाहन शहरवासियों के लिए समस्या का कारण बन रहे हैं। लोगों की रोजाना फजीहत पर भी यातायात पुलिस व प्रशासन जागने का नाम नहीं ले रहे हैं।

यह भी पढ़ें- उत्‍तराखंड का मेरु पर्वत... जो सुनाता है कत्यूरी शासक, मल्ल व चंद राजवंश की गौरवगाथा

रविवार को ऋषिकेश-हरिद्वार, बाईपास मार्ग-इंद्रमणी बडोनी चौक-भद्रकाली मंदिर चेक पोस्ट, चंद्रभागा-राम झूला-तपोवन मार्ग में वाहनों का खासा दबाव नजर आया, जिसके कारण बार-बार जाम लगता रहा। रात तक जाम की स्थिति बनती रही। इस दौरान शहरवासियों को जाम से जूझना पड़ा।

वहीं, हरिद्वार रोड पर पुरानी चुंगी से राम झूला के बीच मुख्य बाजार में भीषण जाम देखने को मिला। त्रिवेणी घाट चौक व आस-पास के मार्गों में रात साढ़े आठ बजे तक भीषण जाम देखने को मिलता रहा।

आंतरिक मार्गों में बेतरतीब वाहन बने समस्या

चंद्रभागा से मायाकुंड, लाजपत राय मार्ग, क्षेत्र मार्ग, त्रिवेणी मार्ग, झंडा चौक, रेलवे मार्ग सहित अनेक क्षेत्रों में दुकानों के बाहर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण भी जाम लग रहा है। वहीं, लाजपतराय मार्ग, चंद्रभागा मार्ग के समीप दिन दोपहर में ट्रांसपोर्ट वाहनों में माल भरा जा रहा है। दोनों ओर से वाहन बीच सड़क तक खड़े किए जा रहे हैं।

कई बार दोपहिया वाहनों के लिए भी निकलना मुश्किल हो रहा है। त्रिवेणी चौक के समीप भी आटो, विक्रम व ई-रिक्शा सवारियों को बैठाने की होड़ में यातायात व्यवस्था को बिगाड़ते नजर आते हैं। इन सबके बीच आम लोगों की खासी फजीहत हो रही है। कई बार कहासुनी की नौबत भी आती रहती है। यातायात पुलिस व नगर निगम प्रशासन इस ओर कतई ध्यान नहीं दे रहा है।

यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Expressway पर बड़ा अपडेट, एलिवेटेड रोड खुलने के लिए अब और करना होगा इंतजार

‘शहर में मुख्य मार्गों में यातायात पुलिस को निरंतर गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सप्ताहांत में विशेष सख्ती बरती जाएगी। आंतरिक मार्गों में भी अब नियमित गश्त की जाएगी, यदि किसी व्यावसायिक गतिविधि या अन्य कारण से यातायात प्रभावित पाया जाता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।  - एसआइ अनवर खान, प्रभारी यातायात निरीक्षक ऋषिकेश’

अगले सप्ताह से भीड़ बढ़ने की उम्मीद

26 फरवरी को शिवरात्रि के चलते अगले सप्ताहांत में भीड़ बढ़ने की संभावना है। अन्य राज्यों के सैलानी सप्ताहांत के बाद महाशिवरात्रि भी नीलकंठ में मनाना चाहेंगे। इसके चलते स्वर्गाश्रम, मुनिकीरेती, लक्ष्मण झूला, नीलकंठ मार्ग में वाहनों का खासा दबाव देखने को मिल सकता है। स्वर्गाश्रम नगर पंचायत अध्यक्ष बिंदिया अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।