Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में फिर मौसम के तेवर तल्ख, बारिश और बर्फबारी शुरू

    By Raksha PanthariEdited By:
    Updated: Tue, 14 Jan 2020 07:01 AM (IST)

    उत्तराखंड में मौसम ने एकबार फिर करवट बदल ली है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश हुई।

    Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में फिर मौसम के तेवर तल्ख, बारिश और बर्फबारी शुरू

    देहरादून, जेएनएन। मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हुई। दोपहर बाद बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ ही उच्च हिमालय में रुक-रुक कर हिमपात शुरू हो गया। वहीं, पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश हो रही है। मसूरी में देर रात तक हिमपात की संभावना है।  देहरादून स्थित राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 17 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज तल्ख रहेगा। इस दौरान 2500 मीटर तक की ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक सुबह से घने बादल छाए रहे। दोपहर बाद तेज हवा के साथ रुड़की, हरिद्वार और देहरादून में बारिश शुरू हो गई, वहीं टिहरी और मसूरी में ओले पड़े। इस बीच केदारनाथ में सुबह से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। वहां करीब छह से सात फीट बर्फ की चादर पसरी है। इसके अलावा उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री, यमुनोत्री के साथ ही हर्षिल और खरसाली में जमकर बर्फबारी हुई। उत्तरकाशी के पास गंगोत्री हाइवे बंद हो गया है।

    प्रदेश में पिछले सप्ताह हुई बारिश और बर्फबारी का असर अभी कुछ कम हुआ था कि मौसम के तेवरों ने दुश्वारयिों में इजाफा कर दिया है। अब भी उत्तरकाशी के 50 गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। वहीं प्रदेश में दर्जनभर सड़कों पर आवागमन नहीं हो पा रहा है। कुमाऊं के मुनस्यारी क्षेत्र में भी 50 गांवों में बिजली गुल है।

    हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग

    खराब मौसम के कारण कृषि मंत्री सुबोध उनियाल के हेलीकॉप्टर को हरिद्वार में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। वह देहरादून से टिहरी जा रहे थे। बाद में वह कार से देहरादून लौट गए।

    दून-मसूरी में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश

    उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। दून और मसूरी में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। मसूरी में देर रात तक हिमपात की संभावना बनी रही। सर्द हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड में भी इजाफा हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा।

    सोमवार को सुबह से दून में बादलों डेरा रहा। दोपहर बाद मसूरी की पहाडिय़ों से चल रही हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी। इसके बाद बादलों की गरज और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। 

    बारिश के एक से दो दौर के बाद पारे में खासी गिरावट आ गई और कंपकंपी बढ़ गई। मसूरी में भी यही आलम रहा। बारिश के बाद मसूरी में रातभर हिमपात की संभावना बनी रही। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि मंगलवार को भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 

    दून में बारिश के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। वहीं, मसूरी में भी ठंड में इजाफा हो गया है। सोमवार को देहरादून का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 16.6 और 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि मंगलवार को यह 17 डिग्री सेल्सियस और 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

    पश्चिमी हिमालय की ओर बढ़ रहा पश्चिमी विक्षोभ

    मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार ईरान और अफगानिस्तान से हिमालय की ओर बढ़ रहा पश्चिमी विक्षोभ और करीब आ गया है। साइक्लोन की शक्ल में बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से 15 जनवरी तक टकराने की संभावना है। इसी वजह से बादलों पर दबाव बढ़ गया है और उत्तर भारत में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है।

    तेज हवाओं के साथ बारिश ने बढ़ाई दुश्वारियां

    दून में सोमवार को दोपहर बाद चली तेज हवाओं और उसके बाद हुई बारिश ने दुश्वारियां बढ़ा दीं। दून में दिन के समय ही कड़ाके की ठंड महसूस की जाने लगी। अधिकतम तापमान में गिरावट के चलते दिन में ही कंपकंपी छूटने लगी। इसके बाद शाम के समय लोग घरों में दुबके रहे। बाजारों की रौनक भी गायब रही। बारिश बंद होने के बाद शाम को लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। हालांकि, बारिश से लकड़ियां गीली हो जाने के कारण अलाव जलाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।

    यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: भारी बर्फबारी के कारण अलग-थलग पड़े गांवों में जनजीवन हुआ बेहाल 

    विभिन्न शहरों में तापमान

    शहर,       अधि.      न्यून.

    देहरादून    16.6       9.5

    उत्तरकाशी  13.2       8.6

    मसूरी      12.8       6.0 

    टिहरी      13.1       8.0

    हरिद्वार    15.2       9.1

    जोशीमठ   06.4       5.2

    पिथौरागढ़  12.3       5.3

    अल्मोड़ा   11.2       6.2

    मुक्तेश्वर   13.2       6.8

    नैनीताल    11.4      10.5

    यूएसनगर   13.4      4.8

    चंपावत    10.2      5.8

    यह भी पढ़ें: Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में फिर परीक्षा लेगा मौसम, चार जिलों में हो सकती है भारी बर्फबारी