विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 23, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सिने अभिनेता सोनू सूद फिर आए चर्चा में, जानिए उन्‍होंने एम्स ऋषिकेश को क्‍यों कहा थैंक्स

By Sunil NegiEdited By:
Published: Wed, 23 Sep 2020 10:44 AM (IST)Updated: Wed, 23 Sep 2020 11:33 PM (IST)

इन दिनों सिने अभिनेता सोनू सूद बिहार मूल की एक युवती के इलाज को लेकर चर्चाओं में हैं। सोनू की ...और पढ़ें

इन दिनों सोनू सूद बिहार मूल की एक युवती के इलाज को लेकर चर्चाओं में हैं।
इन दिनों सोनू सूद बिहार मूल की एक युवती के इलाज को लेकर चर्चाओं में हैं।

ऋषिकेश, जेएनएन। लॉकडाउन के दौर में प्रवासियों को बस, ट्रेन और हवाई जहाज से उनके घरों तक पहुंचाने वाले सिने अभिनेता सोनू सूद की दरियादिली के किस्से आए दिन सामने आते रहते हैं। इन दिनों सोनू सूद बिहार मूल की एक युवती के इलाज को लेकर चर्चाओं में हैं। सोनू की मदद से इस युवती का एम्स ऋषिकेश में सफल ऑपरेशन हुआ है। सोनू ने इसके लिए एम्स के चिकित्सकों का आभार जताया है। 

सोमवार को अभिनेता सोनू सूद ने अपने ट्विटर हैंडल पर युवती के उपचार से संबंधित एक समाचार को शेयर करते हुए एम्स ऋषिकेश व चिकित्सकों के दल का आभार जताते हुए ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने विशेष तौर पर वैस्कुलर सर्जरी के डॉ. मधुर उनियाल व शल्य चिकित्सा के डॉ. अभिषेक अग्रवाल को टैग किया था। दरअसल, बिहार के आरा निवासी 26 वर्षीय दिव्या सहाय उर्फ चुलबुल पिछले डेढ़ साल से पेट में तेज दर्द और उल्टी की समस्या से पीड़ि‍त थी।

दिव्या का एम्स पटना और उसके बाद दिल्ली एम्स में सघन स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें चिकित्सकों ने पाया कि महिला के पैनक्रियाज में काफी बड़े आकार का ट्यूमर है। दिल्ली एम्स ने उसे 31 मार्च को ऑपरेशन की डेट दी थी। मगर इस बीच लॉकडाउन हो गया और ऑपरेशन नहीं हो पाया। इस बीच दिव्या की बहन नेहा ने अभिनेता सोनू सूद को ट्वीट कर बहन के लिए मदद मांगी थी। इस पर सोनू सूद ने दिव्या को अपनी बहन मानते हुए उसके उपचार का जिम्मा लिया। सोनू सूद व उनकी टीम के प्रयासों से ही दिव्या को एम्स ऋषिकेश में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। 11 सितंबर को दिव्या का सफल ऑपरेशन हो गया और 20 सितंबर को एम्स से उसे छुट्टी भी दे दी गई। 

अग्नाशय के नजदीक था ट्यूमर 

एम्स के डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता ने बताया कि 26 वर्षीय युवती का यह ऑपरेशन बहुत ही चुनौतीपूर्ण था। अग्नाशय के बिल्कुल नजदीक बन चुके ट्यूमर की वजह से उसकी स्थिति काफी जटिल हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि वैस्कुलर सर्जरी के डॉ. मधुर उनियाल, शल्य चिकित्सा के डॉ. अभिषेक अग्रवाल और एनेस्थिसिया विभाग के डॉ. वाईएस पयाल व डॉ. अजीत कुमार ने इस सफल सर्जरी को अंजाम दिया। एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत ने इस सफलता के लिए चिकित्सकों की टीम को बधाई दी है।

यह भी पढ़ें: बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर इस अभिनेत्री के साथ पहुंचे दून, जानें- किस फिल्म की कर रहे हैं शूटिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।