Uttarakhand Rains: मसूरी में ऐतिहासिक सेवाय होटल का हिस्सा ढहा, रास्ता बंद; पर्यटक फंसे
Mussoorie Landslide मसूरी के ऐतिहासिक सेवाय होटल का एक हिस्सा ढह जाने से मोतीलाल नेहरू मार्ग बंद हो गया और कई पर्यटक फंस गए। 40 फीट ऊंची दीवार गिरने से एक ट्रांसफार्मर और एक कार क्षतिग्रस्त हो गई जिससे इलाके में बिजली गुल हो गई। प्रशासन मलबा हटाने में जुटा है जबकि होटल प्रबंधन ने इमारत को सुरक्षित बताया है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। पर्यटन नगरी मसूरी में ऐतिहासिक सेवाय होटल के परिसर का एक बड़ा हिस्सा भरभरा कर सड़क पर गिरने से हड़कंप मच गया। यह घटना मोतीलाल नेहरू मार्ग पर लाइब्रेरी चौक से करीब 200 मीटर आगे हुई। जहां होटल परिसर की करीब 40 फीट ऊंची बाउंड्री दीवार (पुस्ता) का हिस्सा अचानक ढह गया। जिससे वहां खड़ी पर्यटकों की एक कार और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे क्षेत्र में अंधेरा पसर गया। नगर पालिका की टीम देर रात तक मार्ग खोलने में जुटी रही।
मंगलवार रात को पुस्ता गिरने से मोतीलाल नेहरू मार्ग के साथ ही आगे जुड़ रही सर्कुलर रोड और स्प्रिंग रोड पर यातायात पूरी तरह बंद हो गया है। मलबे की चपेट में आने से ऊर्जा निगम का ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। साथ ही, मलबे में पर्यटकों की एक कार भी दब गई है। यात्रा मार्ग के बंद हो जाने से दर्जनों पर्यटक रास्ते में फंस गए हैं। अब उन्हें करीब 10 किलोमीटर लंबा घूमकर कैंपटी मार्ग से आवाजाही करनी पड़ रही है। प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने के प्रयास किया, जो कि देर रात तक चला।
नगर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि दो जेसीबी मशीनें मौके पर भेजी गई हैं, लेकिन बारिश जारी रहने की स्थिति में और पुस्ता गिरने का खतरा बना हुआ है। इसलिए रातभर कर्मचारी तैनात कर निगरानी की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि मार्ग खुलते ही सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित कराई जाएगी। उधर, सेवाय होटल के स्वामी किशोर काया ने स्पष्ट किया कि होटल की इमारत को कोई नुकसान नहीं हुआ है। केवल परिसर की बाउंड्रीवाल का हिस्सा गिरा है। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन से सहयोग मांगा गया है, ताकि स्थिति सामान्य हो सके।
ऐतिहासिक महत्व का होटल
सेवाय होटल का इतिहास भी उतना ही गौरवशाली है जितना उसका स्थापत्य। वर्ष 1902 में निर्मित यह होटल अपनी भव्य वास्तुकला के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। यहां देश की जानी-मानी हस्तियां अक्सर रुकती रही हैं। हाल ही में भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन का विवाह भी इसी होटल में संपन्न हुआ था, जिसमें कई प्रमुख सेलिब्रिटी शामिल हुए थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।