उत्तराखंड : जानिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने ऐसा क्यों कहा- दुल्हन वही जो पिया मन भाए
दिल्ली से लौटते समय रुड़की में एक होटल में प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि दुल्हन वही जो पिया मन भाए। उन्होंने कहा कांग्रेस में पहले पूरी पार्टी चुनाव लड़ती है उसके बाद हाईकमान तय करता है कि मुख्यमंत्री कौन होगा।

जागरण संवाददाता, रुड़की। Uttarakhand Assembly Elections 2022 दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात कर लौटे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत काफी उत्साहित और चिर परिचित अंदाज में नजर आए। विधानसभा चुनाव में सीएम का चेहरा घोषित होने का सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी तय करेगी। हालांकि इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए यह भी कहा कि 'दुल्हन वही जो पिया मन भाए'। सभी मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे भी। उधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कैबिनेट मंत्री डा. हरक सिंह रावत की नाराजगी को भाजपा का अंदरुनी मामला बताया। साथ ही कहा कि भाजपा का कोई विधायक उनके संपर्क में नहीं है।
रुड़की के सेंट्रम होटल में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व सीएम हरीश रावत का कार्यक्रम संयोजक हंसराज सचदेवा ने स्वागत किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा, यह पार्टी हाईकमान एवं विधायक तय करेंगे। कांग्रेस की परंपरा रही है कि चुनाव जीतने के बाद ही मुख्यमंत्री तय किया जाता है। वहीं पूर्व सीएम हरीश रावत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा घोटाला कुंभ में कोरोना टेस्टिंग के नाम पर किया गया। नाकाम डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में तीन-तीन इंजन फेल हो गए। जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। कांग्रेस सरकार आते ही सबसे पहले 28 हजार खाली पड़े पदों को भरने का काम किया जाएगा। कहा कि सत्ता में आने पर रसोई गैस सिलिंडर पर 500 रुपये सब्सिडी दी जाएगी। इस मौके पर विधायक फुरकान अहमद, पूर्व दायित्वधारी मनोहरलाल शर्मा, सुभाष चौधरी विकास त्यागी, ममतेश शर्मा, राजपाल खरोला, सतपाल ब्रह्मचारी, राव आफाक अली, आदि मौजूद रहे।
प्रीतम के सवाल पर साध ली चुप्पी
नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह की गैर मौजूदगी को लेकर जब प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से सवाल किया गया तो वो जवाब देने से बचते रहे। दोनों ने सवाल के जवाब देने के बजाय बातों को ही घुमा दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।