Dehradun को स्वच्छता का इनाम दिलाने का सपना पूरा करेंगी IAS नमामि बंसल, बोलीं- और भी खूबसूरत बनेगा शहर
आइएएस नमामि बंसल ने हाल ही में देहरादून नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने शहर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर फोकस करने की बात कही है। चुनौतियों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ उन्होंने व्यवस्थाएं सुधारने के संकेत दिए हैं। दून को स्वच्छ सुंदर बनाने और स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष रैंकिंग दिलाने के लिए उन्होंने मिशन मोड पर कार्य करने का दावा किया है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। सफाई, सौंदर्यीकरण से लेकर स्ट्रीट लाइट समेत तमाम विकास कार्यों के लिए जिम्मेदार नगर निगम अक्सर आमजन की उपेक्षा के लिए चर्चाओं में रहता है। हालांकि, बीते कुछ वर्षों में देहरादून नगर निगम ने कुछ सराहनीय कार्य किए हैं, लेकिन अभी निगम की चुनौतियां कम नहीं हुई हैं। आम जनता की उम्मीद पर खरा उतरने के साथ ही अपनी मूल जिम्मेदारियों को पूरी क्षमता से निभाने की भी अपेक्षा है।
आइएएस नमामि बंसल ने हाल ही में देहरादून नगर आयुक्त की जिम्मेदारी संभाली है। उन्होंने शहर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर फोकस करने की बात कही है। चुनौतियों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ उन्होंने व्यवस्थाएं सुधारने के संकेत दिए हैं। दून को स्वच्छ सुंदर बनाने और स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष रैंकिंग दिलाने के लिए उन्होंने मिशन मोड पर कार्य करने का दावा किया है। जागरण के संवाददाता विजय जोशी ने नगर निगम के कार्यों और शहर की समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त नमामि बंसल से बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के कुछ अंश....
सवाल: देहरादून नगर निगम के नगर आयुक्त के रूप में आपको महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। आप इसे किस रूप में देखती हैं?
जवाब: निश्चित रूप से देहरादून के नगर आयुक्त का पद महत्वपूर्ण है, प्रदेश की राजधानी होने के साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों के मुख्यालय, नामी स्कूल-कालेज और विश्वविद्यालयों के साथ ही केंद्रीय संस्थान भी यहां अवस्थित हैं। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था, पथ प्रकाश और सौंदर्यीकरण कार्य नगर निगम के महत्वपूर्ण दायित्व हैं। देहरादून शहर की मूल परिकल्पना स्वच्छ-दून सुंदर दून को साकार करने का पूर्ण प्रयास किया जाएगा।
.jpg)
सवाल: दून में सार्वजनिक सफाई व्यवस्था व घर-घर कूड़ा उठान हमेशा ही चुनौती रहे हैं। इसमें किस प्रकार से सुधार लाने का प्रयास करेंगे। स्वच्छ सर्वेक्षण में दून की रैंकिंग सुधार लाने के लिए क्या कार्ययोजना है?
जवाब: डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के संबंध में नगर निगम के अधिकारियों व कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कंपनियों को आवंटित वार्डों में शत-प्रतिशत कूड़ा उठान के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नगर निगम की सीमा में वार्डवार भवनों का डाटा तैयार करने एवं जिन भवन स्वामियों की ओर से कंपनी के वाहनों को कूड़ा उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण में विगत वर्ष नगर निगम देहरादून का स्थान 68 था, लेकिन वर्तमान में उपलब्ध कम समय में भी मिशन मोड पर विगत वर्ष की कमियों में सुधार लाते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Delhi-Dehradun Expressway के कारण पर्यटकों के लिए दूर हो जाएगा मसूरी! करना पड़ेगा एक्स्ट्रा 50 किमी का सफर
सवाल: दून में नगर निगम के स्तर पर सौंदर्यीकरण के कार्य नहीं दिखते। पार्कों का अभाव है और साइकिल चलाने वालों के लिए भी स्थान नहीं हैं, इस दिशा में क्या कार्य किया जा रहा है?
जवाब: मैंने निर्माण अनुभाग के अभियंताओं की बैठक कर वर्तमान में गतिमान एवं प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की, नगर निगम की वित्तीय स्थिति को देखते हुए शहर के विभिन्न चैराहों एवं नगर निगम वार्डों में स्थित पार्कों के जीर्णोंद्धार व सुधारात्मक कार्यों को लेकर आंगणन एवं प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही वर्तमान में गतिमान कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने को कहा गया है।
सवाल: नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए क्या प्रयास किए जा रहे हैं। भवन कर के अलावा आय के मुख्य स्रोत क्या हैं?
जवाब: नगर निगम की मुख्य आय का स्रोत भवन कर है, जिसके अंतर्गत वर्तमान वित्तीय वर्ष के अवशेष समय में शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। कर अधीक्षकों व कर निरीक्षकों को इस दिशा में व्यापक स्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वार्ड वार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। जिससे करदाताओं को उनके घर के समीप ही सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके अतिरिक्त अन्य मदों में भी राजस्व प्राप्ति के लिए जुर्माने व चालान राशि वसूलने के लिए संबंधित कार्मिकों को निर्देश दिए गए हैं।
सवाल: आमजन से किस प्रकार सहयोग की अपेक्षा करती हैं। खासकर शहर को स्वच्छ व सुंदर रखने में नगरवासियों से क्या अपील करेंगे?
जवाब: शहर की जनता से अपील है कि वह जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए अपने घरों का सूखा एवं गीला कूड़ा पृथक-पृथक कर नगर निगम के अधिकृत कूड़ा वाहनों में ही डालें। सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फेंकें और न ही कूड़ा जलाएं। प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें। कूड़ा उठान या पथ प्रकाश से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम के टोल फ्री 18001804571 नंबर पर शिकायत कर सकते हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।