यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 10, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Uttarakhand Weather Update: देहरादून-नैनीताल समेत छह जिलों में भारी बारिश के आसार, आरेंज अलर्ट जारी
Uttarakhand Weather Update अब दो दिन के लिए मौसम विभाग ने देहरादून समेत छह जिलों में बारिश को लेकर आरेंज ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग रंग दिखा रहा है। मानसून की दस्तक के बाद भी गढ़वाल के ज्यादातर हिस्से जहां सूखे पड़े हैं, वहीं कुमाऊं में बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को गढ़वाल में देहरादून समेत आसपास के इलाकों में चटख धूप खिलने से गर्मी में फिर इजाफा हो गया। अब दो दिन के लिए मौसम विभाग ने देहरादून समेत छह जिलों में बारिश को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आज और कल इन जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश के अन्य इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही। दून में गर्मी और उमस ने दिनभर परेशान किया। वहीं, कुमाऊं मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण दुश्वारियां बरकरार हैं। पिथौरागढ़ में धारचूला तहसील में भारी बारिश से चीन सीमा को जोडऩे वाला कुलागाड़ पुल बह गया है।
इसके चलते क्षेत्र में आवाजाही ठप है। इस क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों में पैदल मार्ग और सड़कें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक आज देहरादून, पौड़ी, टिहरी, नैनीताल, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में गरज के साथ बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। रविवार को भी इन जिलों में बारिश का क्रम बना रह सकता है।
मकान पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे लोग
जौनसार-बावर के सीमांत त्यूणी तहसील से जुड़े चातरा-हनोल पंचायत के खेड़ा चातरीगाड़ में महेश कुमार शर्मा का लकड़ी-सीमेंट से निर्मित दो मंजिला आवासीय भवन और परचून की दुकान है। बस्ती क्षेत्र के ठीक ऊपर चकराता वन प्रभाग के मोल्टा रेंज के खूनीगाड़ वीट में चीड़ का घना जंगल है। शुक्रवार को क्षेत्र में चले तूफान से चातरीगाड़ बस्ती के ठीक ऊपर स्थित चीड़ का एक विशालकाय वृक्ष टूटकर सीधा महेश कुमार शर्मा के मकान और दुकान के ऊपर आ गया। तूफान से गिरे पेड़ की चपेट में आने से प्रभावित परिवार के मकान व दुकान का आधा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इससे दुकान के अंदर रखा हजारों का कीमती सामान भी नष्ट हो गया। गनीमत ये रही जिस वक्त पेड़ गिरा मकान व दुकान में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। प्रधान हरीश राजगुरु ने कहा कि तहसील प्रशासन और वन वन विभाग अधिकारियों से प्रभावित परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा। मामले में एसडीएम संगीता कनौजिया ने तहसीलदार त्यूणी व संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक से नुकसान की जांच रिपोर्ट मांगी है।
