Heavy Rain Alert : लगातार बारिश के चलते देहरादून व पौड़ी के सभी स्कूल बंद, कोटद्वार में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू
Heavy Rain Alert भारी बारिश के चलते देहरादून जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। शुक्रवार शाम से लगातार बारिश के कारण सेना ने बारिश रुकने तक कोटद्वार में चल रही अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया रोक दी थी। जो बाद में शुरू कर दी गई।

जागरण संवाददाता, देहरादून / कोटद्वार : Heavy Rain Alert : भारी बारिश के चलते देहरादून जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं अग्निपथ योजना के तहत कोटद्वार में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली प्रक्रिया पर बारिश ने ब्रेक लगा दिया था। लेकिन बाद में भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
सभी राजकीय व निजी स्कूलों में अवकाश घोषित
देहरादून में शुक्रवार रात से लगातार हो रही बारिश के चलते मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून डा. मुकुल कुमार सती ने स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। भारी वर्षा के चलते सुबह जिलाधिकारी के निर्देश के बाद शनिवार को सभी राजकीय व निजी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
वहीं शनिवार की सुबह जब बच्चे स्कूल पहुंच गए तब छुट्टी का आदेश आया। जिससे बच्चे और अभिभावक परेशान हुए। स्कूल प्रबंधनों का कहना है कि शिक्षा विभाग ने सुबह सात बजे से साढ़े सात बजे के बीच छुट्टी की सूचना दी। भारी वर्षा में स्कूल पहुंचकर अब बच्चे वापस लौटे।
पौड़ी जिले में भी स्कूलों की छुट्टी
जिलाधिकारी गढ़वाल के निर्देशानुसार मौसम खराब होने/अतिवृष्टि होने के कारण शनिवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के समस्त आंगनबाड़ी और 12वीं तक के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं प्राइवेट स्कूल बंद रहेंगे। शिक्षक एवं प्रधानाचार्य अपने-अपने विद्यालयों में यथावत पहुंचेंगे।
वर्षा की रफ्तार थमने पर अग्निवीर बनने दौड़े 4998 युवा
सेना भर्ती कार्यालय की लैंसडौन इकाई की ओर से अग्निपथ योजना के तहत अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के दूसरे दिन चमोली व उत्तरकाशी जिले की सात तहसीलों के युवाओं ने दमखम दिखाया। वर्षा के चलते निर्धारित समय से करीब पांच घंटे बाद शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया के दौरान 4998 युवा दौड़ में शामिल हुए।
कोटद्वार में गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर के कौड़िया स्थित विक्टोरिया क्रास विजेता गबर सिंह कैंप परिसर में बलवीर स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली के दूसरे दिन वर्षा बाधा बनती नजर आई। बीते शुक्रवार शाम से शुरू हुई वर्षा शनिवार सुबह करीब सात बजे तक बदस्तूर जारी रही। वर्षा के चलते सेना को भर्ती प्रक्रिया रोकनी पड़ी।
हालांकि, वर्षा बंद होने के बाद सुबह करीब सात बजे से भर्ती रैली में शामिल अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच शुरू कर दी गई। करीब दस बजे सैन्य अधिकारियों ने रेसिंग ट्रैक का निरीक्षण किया व दौड़ शुरू करने की अनुमति प्रदान कर दी।
भर्ती रैली के दूसरे दिन जनपद चमोली की थराली, गैरसैण, जिलासू, नंदप्रयाग के साथ ही उत्तरकाशी जिले की डूंडा, राजगढ़ी व चिन्यालीसौड़ तहसीलों के युवाओं ने शिरकत की।
5943 युवा काशीरामपुर तल्ला स्थित खेल मैदान में बनाए गए एकत्रीकरण केंद्र में पहुंचे। जहां प्रमाणपत्रों की जांच के बाद 995 युवाओं को भर्ती मैदान में पहुंचने से पूर्व ही बाहर कर दिया गया। पूर्वाह्न करीब साढ़े दस बजे से दौड़ प्रक्रिया शुरू हुई। दौड़ में 4948 युवाओं ने अपना दमखम दिखाया।
अपर महानिदेशक ने लिया रैली का जायजा
शनिवार को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के अपर महानिदेशक (भर्ती) मेजर जनरल एनएस राजपुरोहित कोटद्वार में भर्ती रैली स्थल पर पहुंचे। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया का निरीक्षण किया। साथ ही शनिवार को भर्ती प्रक्रिया के दौरान हुई पहली दौड़ को भी हरी झंडी दिखाई।
रविवार को होने वाली भर्ती रैली में जनपद उत्तरकाशी की भटवाड़ी, बड़कोट, धौंतरी, जोशियाड़ा, पुरोला के युवा प्रतिभाग करेंगे। साथ ही जनपद रूद्रप्रयाग की मोरी, ऊखीमठ व बसुकेदार तहसीलों के युवा रैली में प्रतिभाग करेंगे। रैली में रूद्रप्रयाग जिले से 6357 युवाओं ने पंजीकरण करवाया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।