Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरीश कोरंगा ने पांच हजार मीटर दौड़ में जीता सोना, मिलेगी प्रोन्नति

    By BhanuEdited By:
    Updated: Sat, 30 Dec 2017 10:29 PM (IST)

    66वीं ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड पुलिस के हरीश कोरंगा ने पांच हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। इस उपलब्धि पर उनकी हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति तय हो गई।

    हरीश कोरंगा ने पांच हजार मीटर दौड़ में जीता सोना, मिलेगी प्रोन्नति

    देहरादून, [जेएनएन]: 66वीं ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उत्तराखंड पुलिस के हरीश कोरंगा ने पांच हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। इसी दौड़ में मुकेश रावत तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीतने में कामयाब रहे। पंजाब अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महाराणा प्रताप स्पोर्टस कॉलेज रायपुर के सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक पर चल रही चैंपियनशिप में चौथे दिन उत्तराखंड की झोली में दो पदक आए। पुरुष वर्ग की पांच मीटर दौड़ में उत्तराखंड पुलिस के हरीश कोरंगा ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 14:33:23 मिनट में दौड़ पूरी की। 

    बीएसएफ के गोवा राम (14:57:77 मिनट) ने रजत और उत्तराखंड पुलिस के मुकेश रावत (14:59:74 मिनट) ने कांस्य पदक जीता। जबकि उत्तराखंड पुलिस के ही राजेश कुमार चौथे स्थान पर रहे। महिला वर्ग की पांच हजार मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की जयश्री बोरागी (16:52:74 मिनट) ने स्वर्ण, संगीता नाइक (17:06:15 मिनट) ने रजत और वर्षा भावरी (17:46:24 मिनट) ने कांस्य पदक जीता। 

    पुरुष वर्ग की 800 मीटर दौड़ में आइटीबीपी के अमरजीत यादव (1:54:29 मिनट) ने स्वर्ण, तमिलनाडु के जे जयराज (1:54:83 मिनट) ने रजत और सीआरपीएफ के बीर सिंह (1:54:86 मिनट) ने कांस्य पदक जीता। उत्तराखंड पुलिस के पंकज डिमरी को सातवें स्थान से संतोष करना पड़ा। महिला वर्ग की 800 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की सोनाली देसाई (2:11:83 मिनट) ने स्वर्ण, सीआरपीएफ की एस थाबातोन चानू (2:13:41 मिनट) ने रजत और महाराष्ट्र की ही सोनिया मोकल (2:14:01 मिनट) ने कांस्य पदक अपने नाम किया। 

    महिला वर्ग की पोल वॉल्ट स्पर्धा में पंजाब की किरनबीर कौर (3.40 मीटर) ने स्वर्ण, सीआरपीएफ की आरती कुशवाहा (3.20 मीटर) ने रजत और केरल की सिंचु प्रकाश (3.10 मीटर) ने कांस्य पदक कब्जाया। महिला वर्ग की 100 मीटर दौड़ में केरल की सिनी एस फर्राटा चैंपियन बनी। उन्होंने 12:12 सेकेंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। 

    सीआइएसएफ की अंशु रानी (12:47 सेकेंड) ने दूसरा और सीआरपीएफ की मंजूश्री ए (12:57 सेकेंड) ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग की डिस्कस थ्रो में पंजाब पुलिस के बलजिंदर सिंह (56.93 मीटर) ने स्वर्ण, प्रभजोत सिंह (54.35 मीटर) ने रजत और सीआरपीएफ के राय गोविंद कुमार (50.46 मीटर) ने कांस्य पदक जीता। 

    महिला वर्ग की चार गुणा 400 मीटर रिले दौड़ में सीआरपीएफ ने स्वर्ण, पंजाब ने रजत व महाराष्ट्र ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष वर्ग की डेकथलान में बीएसएफ के अनिकेत सिंह ने सर्वाधिक अंक (6067) लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, एसएसबी के विनोद कुमार  (5909) ने रजत और उत्तर प्रदेश के मोहित वीरवाल (5895) ने कांस्य पदक कब्जाया।

    दो पदक जीतने वाले कांस्टेबल कोरंगा होंगे प्रोन्नत

    उत्तराखंड पुलिस के एथलीट कांस्टेबल हरीश कोरंगा को उत्तराखंड पुलिस की ओर से नये साल पर तोहफा दिया जा रहा है। ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतते ही कोरंगा की हेड कांस्टेबल पद पर पदोन्नति तय हो गई है। 

    उत्तराखंड पुलिस ने खेल कोटे से भर्ती खिलाड़ियों के लिए इस साल नई नियमावली तैयार करते हुए विभिन्न स्तर पर पदोन्नति के मानक तय किये थे। उत्तराखंड पुलिस में खिलाड़ियों को एशियन, वर्ल्‍ड चैंपियनशिप और ओलंपिक में प्रतिभाग करने पर अधिकतम इंस्पेक्टर, नेशनल चैंपियनशिप में एक स्वर्ण या दो रजत या तीन कांस्य पदक जीतने पर सब-इंस्पेक्टर के पद पर पदोन्नति का प्रावधान है। 

    ऑल इंडिया पुलिस एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नेशनल चैंपियनशिप का ही नियम लागू है, लेकिन इसमें पदोन्नति केवल हेड कांस्टेबल पद पर ही की जा सकती है। कांस्टेबल हरीश कोरंगा ने इन दिनों चल रही पुलिस चैंपियनशिप की पांच हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण और 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपना आउट ऑफ टर्न प्रमोशन तय कर लिया है।

    कोरंगा जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कई साल बाद कोरंगा ने ट्रैक पर वापसी करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। उत्तराखंड पुलिस स्पोट्र्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव एडीजी अशोक कुमार ने बताया कि नए साल पर कोरंगा को प्रोन्नति का तोहफा दिया जायेगा। 

    हरीश कोरंगा ने कहा कि इस सफलता का श्रेय मैं अपने माता-पिता, कोच अनूप बिष्ट व उत्तराखंड पुलिस स्पोट्र्स कंट्रोल बोर्ड के सचिव एडीजी अशोक कुमार को देता हूं। कोच ने बहुत मेहनत करके मेरी वापसी करवाई है। मेरी सफलता के पीछे सभी शुभचिंतकों का बहुत-बहुत धन्यवाद। 

    यह भी पढ़ें: देहरा इलेवन, गढ़वाल ब्वॉयज और सिटी यंग्स ने जीते फुटबाल मैच

    यह भी पढ़ें: द्रोणा इलेवन की जीत में विनय का दमदार प्रदर्शन

    यह भी पढ़ें: भारत में किस्मत और खुद के दम पर तैयार होते हैं खिलाड़ी: पूनिया