लड़कियों ने सीखा किस तरह से की जाए खुद की रक्षा
दून पुलिस ने 15 मई से 15 जून तक महिला आत्मरक्षा शिविर का आयोजन किया, जिसमें विभिन्न स्कूल-कॉलेजों की 680 लड़कियों ने आत्मरक्षा के गुर सीखे।
देहरादून, [जेएनएन]: महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर पहले से जागरूक हो गई हैं। यह आत्मविश्वास उनमें शिक्षा से आया है और वह मुखर भी होने लगी हैं। उनके इस आत्मविश्वास को और मजबूत करने में एक माह तक पुलिस लाइन में चला आत्मरक्षा के गुर सिखाने का शिविर बेहद मददगार साबित होगा। यह बात सहायक पुलिस अधीक्षक निहारिका भट्ट ने पुलिस लाइन में शिविर के समापन समारोह में कही।
दून पुलिस की ओर से 15 मई से 15 जून तक महिला आत्मरक्षा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूल-कॉलेजों की 680 लड़कियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें उन्हें आत्मरक्षा में सक्षम बनाने व आपात स्थिति से निपटने के पैंतरे बताए गए व उनका अभ्यास कराया गया। शिविर के दौरान उनकी शारीरिक क्षमताओं में वृद्धि के साथ-साथ उनके भीतर तकनीकी कौशल एवं क्षमता का विकास किया गया।
पुलिस के प्रशिक्षित ट्रेनरों द्वारा जूडो व ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर लड़कियों ने एक माह के सीखे कौशल का प्रदर्शन भी किया। प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को प्रमाणपत्र प्रदान करते हुए सहायक पुलिस अधीक्षक निहारिका भट्ट ने कहा कि वर्तमान परिदृष्य में महिलाओं व बच्चों के प्रति हो रहे अपराधों को देखते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए आत्मविश्वास की भावना को पैदा करना बेहद जरूरी है। जिससे वे किसी भी परिस्थिति का सामना करने में सक्षम हों।
यह भी पढ़ें: योग के जरिए बच्चों को पढ़ाया गया नैतिकता का पाठ
यह भी पढ़ें: इन उपायों को कर आप बच सकते हैं डायबिटीज से, जानिए
यह भी पढ़ें: गुड़ से भी बनार्इ जाती है चॉकलेट, छात्रों ने सीखी बनाने की विधि