विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

डकैती को अंजाम देने से पहले ही UP का गैंग चढ़ा दून पुलिस के हत्थे, अवैध असलहे, चोरी के मोबाइल फोन व नगदी बरामद

By Jagran NewsEdited By: riya.pandey
Published: Wed, 12 Jul 2023 03:59 PM (IST)

थाना नेहरू कालोनी व एसओजी देहरादून की संयुक्त टीम को मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई कि मोथोरावाला सीवर प्लांट ...और पढ़ें

देहरादून में डकैती को अंजाम देने से पहले ही UP का गैंग चढ़ा दून पुलिस के हत्थे
देहरादून में डकैती को अंजाम देने से पहले ही UP का गैंग चढ़ा दून पुलिस के हत्थे

जागरण टीम, देहरादून: पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून महोदय के द्वारा जनपद में निवासरत बाहरी/संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के लिये व्यापक स्तर पर अभियान चलाये जाने हेतु निर्देश दिये गये थे। इसके अनुपालन में पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक नगर महोदय के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना स्तर पर अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश के लिए नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

संयुक्त टीम को बड़ी आपराधिक घटना के लिए 10 से 12 लोगों के इकट्ठा होने की सूचना

इस क्रम में 11 जुलाई को थाना नेहरू कालोनी व एसओजी देहरादून की संयुक्त टीम को मुखबिर के जरिए सूचना प्राप्त हुई कि मोथोरावाला सीवर प्लांट के पास 10 से 12 लोग इकट्ठा होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इनके पास अवैध असलहा होने की भी सम्भावना है।

सूचना पर थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे तो सीवर प्लांट के पास स्थित खाली मैदान में एक निर्माणाधीन मकान में पास पुलिस टीम को कुछ संदिग्ध व्यक्ति बैठे हुए दिखाई दिये, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा घेर-घोट कर पकड़ लिया गया।

गोंडा के रहने वाले हैं अरोपी

पकड़े गये व्यक्तियों से नाम पता पूछने पर उनके द्वारा अपना नाम संजय, सोनू , अविनाश कुमार, श्रवण कुमार, अमन कुमार, लवकुश, रणजीत, त्रिलोकी, धर्मेन्द्र, रामपाल व मनीष बताया गया। सभी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। अभियुक्तों की तलाशी लेने पर उनके पास से 02 छर्रे वाली पिस्टल 02 अदद खुखरी 28 मोबाइल फोन व 38810 रुपये नगद बरामद हुए।

अपराधियों के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज

बरामद मोबाइल फोन व नगदी के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर अभियुक्तों द्वारा उन्हें हरिद्वार में अलग-अलग टप्पेबाजी की घटनाओं में चोरी करना तथा आज दीपनगर क्षेत्र एक चिन्हित किये गये घर में डकैती डालने के प्रयोजन से उक्त स्थान पर एकत्रित होना बताया गया। सभी अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जिनके खिलाफ थाना नेहरू कालोनी में धारा 399, 402 भादवि तथा आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किये गये। अभियुक्तों को समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा।

देहरादून में बड़ी घटना को अंजाम देने की थी योजना

पूछताछ में अपराधियों द्वारा बताया गया कि वे सभी मूल रूप से गोंडा उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं तथा गैंग बनाकर टप्पेबाजी व अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते हैं। वे सभी कुछ दिन पहले ही देहरादून आये थे व कैलाश हास्पिटल में काम करने वाली उनकी एक परिचित महिला द्वारा उन्हें दीपनगर में दो अलग-अलग कमरे किराये पर दिलवाये गये थे।

डकैती के प्रयोजन से मोथोरावाला में हुए थे इकट्ठे

उनकी देहरादून में किसी बड़ी घटना को अंजाम देकर वापस गोंडा लौटने की योजना थी, जिसके लिये उन्होंने नेहरू कालोनी क्षेत्र में रैकी कर एक घर को चिन्हित किया था व आज उसी घर में डकैती डालने के प्रयोजन से मोथोरावाला क्षेत्र में एकत्रित हुए थे।

अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि उनके द्वारा वर्तमान में जारी कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में अलग-अलग घाटों से टप्पेबाजी/चोरी की घटनाओं को अजांम दिया गया था, जिससे सम्बन्धित मोबाइल फोन व नगदी को अभियुक्तों के पास से बरामद किया गया है।