असत्य पर सत्य की जीत, धू धूकर जले रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले
असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के साथ ही रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। श्रीराम की जय-जयकार से वातावरण आलौकित हो उठा और श्रद्धालु झूमने लगे।
देहरादून, [जेएनएन]: असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयदशमी द्रोणनगरी में उल्लास के साथ मनाया गया। दशहरा मेले के मुख्य केंद्र परेड मैदान के साथ ही पटेलनगर, प्रेमनगर, इंदिरा नगर, लक्ष्मण चौक समेत विभिन्न जगहों पर अहंकार के प्रतीक रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशालकाय पुतले धू-धूकर जल उठे। पुतले दहन के साथ ही धर्म की अधर्म पर विजय का शंखनाद हो गया। श्रीराम की जय-जयकार से वातावरण आलौकित हो उठा और श्रद्धालु झूमने लगे। आतिशबाजियों से आसमान जगमगा उठा।
परेड मैदान में उमड़ा जनसैलाब
बन्नू बिरादरी की ओर से परेड मैदान में आयोजित दशहरा मेले में रौनक सुबह से ही दिखने लगी थी। शाम के वक्त कालिका मार्ग स्थित श्री गोपीनाथ मंदिर से भव्य झांकियों के साथ दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी की शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा में श्री राम परिवार, रावण दरबार समेत विभिन्न झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। मां कालिका भवन में आगवानी के बाद यात्रा मोती बाजार, पलटन बाजार, राजपुर रोड, एस्ले हॉल होती हुई शाम पांच बजे परेड मैदान पहुंची, तब तक पूरा मैदान खचाखच भर चुका था।
फिर शुरू हुई लीला और हनुमान ने रावण की लंका को राख के ढेर में तब्दील कर दिया। इसके बाद राम रावण का युद्ध चला। ठीक छह बजकर पांच मिनट पर पहले मेघनाथ, फिर कुंभकरण और आखिर में रावण का पुतला अग्निबाण लगते ही धमाकों के साथ जलकर राख हो गया। इसके बाद भारी आतिशबाजी की सतरंगी आभा में पूरा परेड मैदान नहा उठा। एक घंटे तक लगातार आतिशबाजी हुई। आग उगलता डायनासौर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल, कैंट विधायक हरबंस कपूर, गणेश जोशी, मेयर विनोद चमोली, भाजपा महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल समेत दशहरा कमेटी के अध्यक्ष संतोख सिंह नागपाल, हरीश विरमानी, संजीव विज आदि मौजूद रहे।
पढ़ें:-ऐतिहासिक है पौड़ी की रामलीला, यहां महिला का किरदार निभाती हैं महिलाएं
उड़न खटोले पर लगा रावण को तीर
सहारनपुर रोड पटेल नगर में श्री सेवा कुंज समिति की ओर आयोजित दशहरा मेले में पहले सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रमों की से भी सभी का मनमोह लिया। रात करीब साढ़े सात बजे उडऩखटोले पर सवार 40 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन हुआ। मुख्य अतिथि खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल, मेयर विनोद चमोली, भाजपा महानगर अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, सीएम के मीडिया प्रभारी राजीव जैन मौजूद रहे। इस मौके पर मनोज सूरी, डिंपल सब्बरवाल, पंकज चांदना, योगेश भाटिया, संजय भसीन, मुकेश सूरी, सागर कथूरिया आदि मौजूद रहे। इसके अलावा नंदा देवी एनक्लेव बंजारावाला की ओर से भी दशहरा पर्व मनाया गया।
पढ़ें:-रामलीला: कहीं लंका दहन, कहीं राम का राजतिलक
राम की भव्य आरती
इंदिरा नगर स्थित एडब्ल्यूएचओ मैदान पर सजग सांस्कृतिक समिति की ओर से आयोजित हुए दशहरा मेले में भारी भीड़ उमड़ी। मेले से पूर्व दोपहर में पंडितवाड़ी से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें नंदा देवी राजजात की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगी पोशाक में सजे बच्चों ने भी खासा ध्यान खींचा। रात करीब आठ बजे रावण दहन हुआ। इससे पूर्व भव्य आतिशबाजी से आसमां रोशनी से नहा गया। अंत में भगवान राम की भव्य आरती हुई। इस मौके पर मुख्य अतिथि डॉल्फिन इंस्टीट्यूट के संस्थापक अरविंद गुप्ता, संस्था के अध्यक्ष पवन शर्मा, संरक्षक मदन मोहन चौबे, जोगिंदर पुंडीर, उदयवीर सिंह, राजेंद्र पंत, संजीव जैन, अजय कांत, सुनील बिष्ट आदि मौजूद रहे।
झांकियों ने मनमोहा
दशहरा कमेटी प्रेमनगर स्थित दशहरा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम से पहले झांकियां निकाली गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एडीजी अशोक कुमार मौजूद रहे। इस मौके पर राजीव पुंज, विक्की खन्ना, राजेश भाटिया, फकीर चंद, विनोद कुमार, भूषण भाटिया, महेश चंद्र शर्मा, राजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
स्टालों पर जुटी लोगों की भीड़
विभिन्न जगहों पर आयोजित हुए दशहरा मेले में लगे स्टॉलों पर लोगों की भारी भीड़ रही। धनुष-बाण, तरकश, गदा, मुकुट, बाजे, डमरू आदि को लेकर बच्चों की उत्सुकता देखते ही बनती थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।