Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand News: CM धामी ने सैनिक कल्याण प्रस्ताव किया मंजूर, परमवीर चक्र विजेताओं को अब मिलेगी डेढ़ करोड़ की राशि

    Updated: Sat, 26 Jul 2025 09:35 AM (IST)

    कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड सरकार ने परमवीर चक्र विजेताओं के लिए अनुग्रह राशि 50 लाख से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपये कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक कल्याण विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी। यह घोषणा खटीमा में एक सैनिक सम्मान समारोह में की गई जो सैनिकों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

    Hero Image
    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक कल्याण विभाग के इस प्रस्ताव को किया अनुमोदित।-जागरण

    राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर धामी सरकार ने सैनिकों को तोहफा दिया है। परमवीर चक्र विजेताओं को सरकार की ओर से अब डेढ़ करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।

    अभी तक यह राशि 50 लाख रुपये थी। इसके अलावा उन्हें वार्षिक अनुदान के रूप में तीन लाख रुपये की राशि भी मिलती रहेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक कल्याण विभाग के इस प्रस्ताव को अनुमोदित कर दिया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा में उनके पिता सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित सैनिक सम्मान समारोह में परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि की घोषणा की थी।

    परमवीर चक्र विजेता को पहले 30 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाती थी। कैबिनेट ने 10 जून 2022 को यह राशि बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी थी। अब मुख्यमंत्री धामी ने एकमुश्त दी जाने वाली 50 लाख की धनराशि को बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रुपये कर दिया है।

    हमारे देश की सीमाएं वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान के कारण सुरक्षित हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह सैनिकों की वीरता, समर्पण व बलिदान का सम्मान करे। उत्तराखंड न केवल देवभूमि, बल्कि वीरभूमि भी है, जिसने अनेक वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार सैनिकों व उनके परिवार के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और उनके हितों की रक्षा के लिए निरंतर ठोस व प्रभावी निर्णय ले रही है। - पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री