Volvo Bus Services: बस में 15 यात्री नहीं तो निरस्त की जा रही वोल्वो, यात्री हो रहे परेशान
उत्तराखंड परिवहन निगम ने नया नियम लागू किया है कि वोल्वो बसों में 15 से कम यात्री होने पर बस रद्द कर दी जाएगी। इससे देहरादून आइएसबीटी पर यात्रियों को परेशानी हो रही है क्योंकि ऑनलाइन टिकट बुक करने के बाद भी बसें रद्द हो रही हैं। निगम के घाटे को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है लेकिन यात्रियों को असुविधा हो रही है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी कब और क्या नया आदेश लागू कर दें, कहा नहीं जा सकता। खासकर सुपर डीलक्स वोल्वो बसों को लेकर पिछले कुछ समय से यही रवैया अपनाया जा रहा है। अब नया नियम लागू कर दिया है कि अगर बस में न्यूनतम 15 यात्री नहीं होंगे तो बस मार्ग पर भेजी ही नहीं जाएगी। इस कारण देहरादून आइएसबीटी पर रोजाना पांच से छह वोल्वो बसों को निरस्त करना पड़ रहा है।
ऐसे में वह यात्री परेशान हो रहे, जो आनलाइन टिकट बुक कर निर्धारित शेड्यूल पर आइएसबीटी पहुंच जा रहे और ऐन वक्त पर बस निरस्त कर दी जा रही। इन यात्रियों को डेढ़ से दो घंटे इंतजार के बाद दूसरी बस से भेजा जा रहा। इसे लेकर रोजाना आइएसबीटी पर विवाद हो रहा।
करोड़ों के घाटे में चल रहे परिवहन निगम ने यात्रियों के अभाव में दून-दिल्ली मार्ग पर सुपर डीलक्स वोल्वो बस सेवाओं का संचालन केवल उसी स्थिति में करने का आदेश दिया है, जब बस में न्यूनतम 15 यात्री हों। इस मार्ग पर निगम 23 वोल्वो का संचालन करता है।
नए नियम के कारण रोजाना आधा दर्जन बसों को निरस्त करना पड़ रहा है। निर्धारित समय पर बस निरस्त होने और दूसरी बस से भेजे जाने के कारण उन यात्रियों को असुविधा हो रही है, जो आनलाइन टिकट बुक कर रहे हैं। परिचालकों व यात्रियों के बीच विवाद भी हो रहा है।
दरअसल, जो यात्री आनलाइन टिकट बुक कर निर्धारित समय पर आइएसबीटी पहुंच जाते हैं, उन्हें यहां आकर पता चलता है कि बस नहीं जा रही। यात्रियों को अगले शेड्यूल पर दूसरी बस से भेजा जा रहा है। ऐसे में उन यात्रियों को बड़ी परेशानी हो रही है, जिन्हें दिल्ली से दूसरे शहर के लिए फ्लाइट या ट्रेन पकड़नी होती थी।
ऑनलाइन बुकिंग से नहीं हटाई बसें
परिवहन निगम बसों को ऐन समय पर निरस्त तो कर रहा, लेकिन इन बसों को आनलाइन टिकट बुकिंग से नहीं हटाया गया है। ऐसे में यात्री अपनी योजना के अनुसार टिकट बुक कर रहे हैं। कर्मचारियों ने मांग की है कि यदि बस नहीं भेजनी है तो उसे ऑनलाइन प्लेटफार्म से हटा दिया जाए। शनिवार को सुबह छह बजे, साढ़े नौ बजे, दोपहर साढ़े 12 बजे, एक बजे, तीन बजे, पांच बजे व सात बजे वाली वोल्वो निरस्त करनी पड़ी।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand News: सात किमी दायरे में होगा अध्ययन, कैसे रूख बदल रही गौला नदी
रात 11 बजे वाली दून-शामली-दिल्ली सेवा भी बंद
परिवहन निगम ने दून-सहारनपुर-शामली-बागपत मार्ग से दिल्ली जा रही रात 11 बजे वाली वोल्वो का संचालन शनिवार रात से बंद कर दिया। अब यह बस भी पूर्व निर्धारित मार्ग रुड़की-मुजफ्फरनगर होकर जाएगी।
बता दें कि सात सितंबर से निगम ने सुबह सात बजे और रात 11 बजे वाली वोल्वो का मार्ग बदलकर किराया 194 रुपये कम कर दिया था, लेकिन यात्रियों को यह मार्ग पसंद नहीं आया। सुबह सात बजे वाली वोल्वो का मार्ग शुक्रवार को बदल दिया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।