Uttarakhand News: राज्यपाल ने राष्ट्रपति निकेतन के सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण, लिली तालाब और रोज गार्डन होंगे आकर्षण का केंद्र
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दौरे से पहले राष्ट्रपति निकेतन में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। राष्ट्रपति 132 एकड़ में बनने वाले सार्वजनिक पार्क की आधारशिला रखेंगी। 24 जून से राष्ट्रपति निकेतन आम जनता के लिए खुल जाएगा जहाँ लिली तालाब और रोज गार्डन जैसे आकर्षण होंगे। तपोवन भी जनता को समर्पित किया जाएगा जिसमें शांत वातावरण और ध्यान के लिए स्थान हैं।

राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने मंगलवार को राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
राज्यपाल ने यह निरीक्षण 19 से 21 जून को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित भ्रमण के दृष्टिगत किया। राष्ट्रपति निकेतन परिसर में 132 एकड़ भूमि में विकसित किए जा रहे अत्याधुनिक सार्वजनिक पार्क की आधारशिला राष्ट्रपति रखेंगी। यह पार्क एक वर्ष की अवधि में पूर्ण कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
राष्ट्रपति निकेतन को 24 जून से आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। 21 एकड़ में फैले राष्ट्रपति निकेतन, पहले जिसे राष्ट्रपति आशियाना के नाम से जाना जाता था, इस विरासत भवन में कलाकृतियों के संग्रह के साथ ही आगंतुकों को लिलि तालाब, राकरी तालाब, रोज गार्डन आदि देखने को मिलेंगे।
इसके अलावा राष्ट्रपति तपोवन को भी आम व्यक्तियों के लिए समर्पित किया जाएगा। 19 एकड़ में फैले तपोवन में देशी वृक्षों की कैनोपी, घुमावदार पगडंडियां, लकड़ी के पुल और चिंतन व ध्यान के लिए शांत स्थान मौजूद हैं।
राज्यपाल ने निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति उत्तराखंड को बड़ी सौगात देने वाली हैं। यह पहल उनके प्रदेश की जनता के प्रति विशेष स्नेह और जुड़ाव का प्रतीक है।
इस दौरान उन्होंने परिसर में चल रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, अपर पुलिस महानिदेशक वी मुरुगेशन, एपी अंशुमान, सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, निदेशक राष्ट्रपति सचिवालय स्वाति शाही, जिलाधिकारी सविन बंसल, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, एसएसपी देहरादून अजय सिंह उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।