Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तीलू रौतेली पुरस्कार में शामिल होंगी कोरोना योद्धा, इस पुरस्कार को आए 120 आवेदन

    By Sunil NegiEdited By:
    Updated: Wed, 21 Jul 2021 06:05 AM (IST)

    वीरबाला तीलू रौतेली के नाम पर वर्ष 2006 से प्रारंभ किए गए तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार में इस बार कोरोना योद्धा के तौर पर कार्य करने वाली महिलाओं को भी शामिल किया गया है। प्रदेश के सभी जिलों से अब तक 120 आवेदन आए हैं।

    Hero Image
    'तीलू रौतेली पुरस्कार में इस बार कोरोना योद्धा के तौर पर कार्य करने वाली महिलाओं को शामिल किया गया है।

    राज्य ब्यूरो, देहरादून। वीरबाला तीलू रौतेली के नाम पर वर्ष 2006 से प्रारंभ किए गए 'तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति' पुरस्कार में इस बार कोरोना योद्धा के तौर पर कार्य करने वाली महिलाओं को भी शामिल किया गया है। आठ अगस्त को दिए जाने वाले इन पुरस्कारों के लिए प्रदेश के सभी जिलों से अब तक 120 महिलाओं व किशोरियों के आवेदन आए हैं। अगले हफ्ते तक स्कू्रटनी के बाद नाम फाइनल कर दिए जाएंगे। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिलों से चयनित 22 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को भी इस मौके पर पुरस्कृत किया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    महिला सशक्तीकरण के तहत समाज सेवा, खेल, पर्यावरण समेत विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाओं व किशोरियों को प्रदेश सरकार हर साल पुरस्कृत करती है। पहली बार इस पुरस्कार में कोरोना योद्धा भी शामिल किए गए हैं। यानी, कोरोनाकाल में बतौर कोरोना योद्धा उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को भी यह पुरस्कार मिलेगा। इस सबको देखते हुए महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने सभी जिलों से आवेदन मांगे। अभी तक 120 आवेदन विभाग को मिले हैं।

    महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए आए आवेदनों का जिला स्तर पर परीक्षण चल रहा है। इसके बाद राज्य स्तरीय कमेटी इनका परीक्षण कर नाम फाइनल करेगी। कोशिश ये है कि इस माह के अंतिम सप्ताह तक नाम फाइनल कर दिए जाएं। उन्होंने बताया कि आठ अगस्त को होने वाले कार्यक्रम में इन पुरस्कारों के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। जिलों में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को चयनित करने की कार्रवाई भी अंतिम चरण में है।

    पुरस्कार के तौर पर मिल सकती है बढ़ी राशि

    राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार के तहत अभी तक 21 हजार रुपये की राशि दी जाती है, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को 11 हजार रुपये की धनराशि। आठ अगस्त 2020 को हुए पुरस्कार वितरण समारोह में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इन पुरस्कारों की राशि में 10-10 हजार रुपये की बढ़ोतरी का एलान किया था। हालांकि, अभी तक इस संबंध में शासनादेश जारी नहीं हुआ है। कैबिनेट मंत्री आर्य के अनुसार इस बारे में जल्द फैसला ले लिया जाएगा।

    इस बार दिए जा सकते हैं 22 पुरस्कार

    वीरबाला तीलू रौतेली के जन्म दिन पर आठ अगस्त को दिए जाने वाले तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार के तहत इस वर्ष 22 महिलाओं व किशोरियों को पुरस्कृत किया जा सकता है। पिछले वर्ष 21 महिलाओं व किशोरियों को यह सम्मान दिया गया था। अलबत्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्‍ताओं को पुरस्कृत करने के लिए 22 की संख्या यथावत रहेगी।

    यह भी पढ़ें:- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में अतिवृष्टि और आपदा प्रबंधन की समीक्षा की