विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand Politics: लोकायुक्त के मुद्दे पर भाजपा की घेराबंदी के लिए कांग्रेस तैयार

By Sunil NegiEdited By:
Published: Tue, 07 Sep 2021 04:05 PM (IST)

Uttarakhand Politics उत्‍तराखंड में लोकायुक्‍त का मुद्दा फिर गरमाने वाले हैं। कांग्रेस लोकायुक्त के मुद्दे पर भाजपा की घेराबंदी के ...और पढ़ें

2022 के विधानसभा चुनाव में लोकायुक्त का मुद्दा एक बार फिर तूल पकड़ता दिख रहा है।
2022 के विधानसभा चुनाव में लोकायुक्त का मुद्दा एक बार फिर तूल पकड़ता दिख रहा है।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Politics2022 के विधानसभा चुनाव में लोकायुक्त का मुद्दा एक बार फिर तूल पकड़ता दिख रहा है। 2017 के चुनाव में इस मुद्दे को लेकर मुखर भाजपा को अब कांग्रेस से चुनौती मिलना तय है। साढ़े चार साल के कार्यकाल में इस मुद्दे को ठंडे बस्ते में डाले रही भाजपा सरकार की कमजोर नस को दबाने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस अपने चुनावी घोषणापत्र में भी इस मुद्दे को जगह देने जा रही है।

प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में मौजूद भाजपा को घेरने के लिए कांग्रेस बेहद सधे अंदाज में रणनीतिक तैयारियों को अंजाम दे रही है। पिछले चुनाव में सत्तारूढ़ रही कांग्रेस के खिलाफ भाजपा ने जिन चुनावी मुद्दों को धार दी थी, इन्हीं मुद्दों को लेकर अब कांग्रेस मुखर है। इनमें एक प्रमुख मुद्दा लोकायुक्त का है। भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में सरकार बनते ही 100 दिन में लोकायुक्त के गठन का वायदा किया था। अगले चुनाव में छह महीने से कम वक्त बचा है, लेकिन लोकायुक्त विधेयक अब भी कानून की शक्ल नहीं ले पाया है।

गणेश, प्रीतम व हरीश साध रहे निशाना

कांग्रेस अब लोकायुक्त को आगे कर भाजपा के भ्रष्टाचारमुक्त प्रशासन और सुशासन के दावे पर पलटवार कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह इस मुद्दे को लगातार उठा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत भी लोकायुक्त के मुद्दे पर उनकी पिछली सरकार की ओर से उठाए गए कदमों का हवाला देते हुए भाजपा सरकार पर हमला बोलने से नहीं चूक रहे हैं। कुमाऊं मंडल में चार दिनी परिवर्तन यात्रा के दौरान भी पार्टी के नेता सरकार की मंशा पर सवाल खड़े कर चुके हैं।

भाजपा को बैकफुट पर करने की रणनीति

प्रमुख प्रतिपक्षी दल इस मुद्दे को अब अपने चुनावी घोषणापत्र में भी जगह देने की तैयारी कर रहा है। इसकी एक बड़ी वजह इस मामले में भाजपा सरकार को बैकफुट पर रखने की भी है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी का कहना है कि भाजपा ने जिन मुद्दों को जुमलों की तरह इस्तेमाल कर जनता को बरगलाया है, कांग्रेस उस सच को जनता के सामने रखने जा रही है। पार्टी के घोषणापत्र में इस मुद्दे को शामिल किया जाएगा। चुनाव घोषणापत्र समिति के संयोजक व प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना का कहना है कि भाजपा के झूठे वायदों की पोल कांग्रेस अपने घोषणापत्र में खोलेगी।

यह भी पढ़ें:- रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश पूरी तरह सुरक्षित