विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

भाजपा को चुनौती देने के लिए विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे कांग्रेस पदाधिकारी

By Sunil Singh NegiEdited By:
Published: Sat, 02 Jan 2021 06:30 AM (IST)

कांग्रेस ने भाजपा के प्रचंड बहुमत को चुनौती देने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार खुद को मजबूत करने की ठान ली ...और पढ़ें

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह। फाइल फोटो
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, देहरादून। कांग्रेस ने भाजपा के प्रचंड बहुमत को चुनौती देने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार खुद को मजबूत करने की ठान ली है। प्रदेश पदाधिकारी विधानसभा क्षेत्रवार दौरा करेंगे। पार्टी की वापसी की राह तैयार करने के लिए विकासखंडवार बैठकों का सिलसिला तेज किया जाएगा।

प्रदेश में कांग्रेस के पास इस वक्त विधानसभा की कुल 70 में से मात्र 11 सीट हैं। वहीं भाजपा ने पिछले चुनाव में 57 सीटों पर जीत दर्ज की। 2022 में विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए जोर लगा रही प्रमुख प्रतिपक्षी पार्टी की निगाहें अब विधानसभा क्षेत्रों पर टिकी हैं। इन क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ जितनी मजबूत होगी, उतनी ही ताकत से भाजपा को टक्कर दी जा सकेगी। यही वजह है कि कांग्रेस के होमवर्क में विधानसभावार सीटों पर मेहनत पर जोर दिया जा रहा है।

दरअसल, प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के साथ पहले देहरादून और कुछ दिन पहले दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश समेत तमाम बड़े नेताओं की बैठक हो चुकी है। इसमें पूरा फोकस आगामी चुनाव की रणनीति पर रहा है। पार्टी हाईकमान की ओर से भी विधानसभा क्षेत्रवार पार्टी को मजबूत करने पर जोर दिया जा चुका है।

यह तय किया गया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों और महामंत्रियों को विधानसभा क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्रदेश सचिवों को ब्लॉक स्तर पर सक्रिय किया जाएगा। अब यह निर्णय भी किया गया है कि प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों, बड़े नेताओं के पूरे प्रदेश में व्यापक दौरे होंगे। विधानसभा क्षेत्रवार इन दौरों के कार्यक्रम जल्द तय किए जाएंगे। मौजूदा विधायकों और पूर्व विधायकों को भी इस कार्य में लगाया जाएगा। दौरे में उन क्षेत्रों को चिह्नित किया जाएगा, जहां पार्टी की स्थिति मजबूत नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों के दौरे तय कर सांगठनिक सक्रियता बढ़ेगी, साथ में जनता के साथ संवाद मजबूत होगा।

यह भी पढ़ें - Assembly Election: उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष प्रीतम सिंह बोले, 2022 की निर्णायक जंग में जी-जान से जुटेंगे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।