भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने किया शहीदों को नमन, कहा सच होंगे आंदोलनकारियों के सपने
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड हमें मिलकर बनाना होगा। भाजपा सरकार इसी विजन के साथ आगे बढ़ रही है। विकास कार्यो के साथ ही राज्य की संस्कृति और परंपरा को संजोना भी सभी की जिम्मेदारी है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। शहीद आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड हमें मिलकर बनाना होगा। भाजपा सरकार इसी विजन के साथ आगे बढ़ रही है। विकास कार्यो के साथ ही राज्य की संस्कृति और परंपरा को संजोना भी सभी की जिम्मेदारी है। यह बातें भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहीं।
शनिवार को भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक कचहरी स्थित शहीद स्मारक पहुंचे। यहां उन्होंने शहीद राज्य आंदोलकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण मातृशक्ति के संघर्षों व जनांदोलन से प्राप्त हुआ है। जिसमें हमारी मातृशक्ति का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा मातृशक्ति और आंदोलनकारियों का सम्मान करती है और राज्य को शहीदों के सपनों के अनुरूप बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इसे राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
इसके बाद कौशिक ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क पहुंचकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल का सादगीभरा जीवन और सिद्धांत सदैव हम सबके लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष घंटाघर स्थित भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित किए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल भी शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उनके साथ प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, कुलदीप कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक खजान दास, आदित्य चौहान आदि भी मौजूद थे।
पहाड़ी टोपी में नजर आए कौशिक
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक शनिवार को न सिर्फ दिनभर सक्रिय रहे, बल्कि वह पहाड़ी टोपी पहने भी नजर आए। आमतौर पर वह टोपी कम ही पहनते हैं, मगर शनिवार को वह देहरादून में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूड़ी से भी मिले। इस दौरान वह पहाड़ी टोपी पहने नजर आए।
15 मार्च को करेंगे पदभार ग्रहण
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कौशिक 15 मार्च को प्रदेश कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण करेंगे। इस मौके पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री एवं निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत भी मौजूद रहेंगे। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे पहले महानगर कार्यालय से भाजपा मुख्यालय तक रैली भी निकाली जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।