यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajyasabha Election 2020: उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के भाजपा एक-दो दिन में कर सकती है प्रत्याशी का एलान
Rajyasabha Election 2020 उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के नौ नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा एक-दो ...और पढ़ें

देहरादून, राज्य ब्यूरो। Rajyasabha Election 2020 उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के नौ नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा एक-दो दिन में प्रत्याशी का एलान कर सकती है। पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल समेत आधा दर्जन दावेदार इस दौड़ में हैं। इस बीच मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के दिल्ली दौरे पर हैं। माना जा रहा कि वह भी राज्यसभा सीट के लिए प्रत्याशी चयन के संबंध में पार्टी हाईकमान से चर्चा कर सकते हैं।
उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट आगामी 25 नवंबर को रिक्त हो रही है। कांग्रेस के सांसद राज बब्बर अभी इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इस सीट के चुनाव के लिए नौ नवंबर की तिथि तय की गई है। चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद राज्य में चुनावी सरगर्मी प्रारंभ हो गई है। राज्य की 70 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या 57 है। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी की जीत पहले से तय है।
बावजूद इसके भाजपा ने इस सीट पर प्रत्याशी के मामले में अभी तक पत्ते नहीं खोले हैं। असल में यहां से दावेदारों की संख्या भी अधिक है। प्रबल दावेदारों में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा का नाम आगे चल रहा है। 2016 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए बहुगुणा ने तब कांग्रेस के 10 विधायकों को भाजपा में शामिल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हालांकि, इसके बाद हुए विस और लोकसभा चुनावों में उन्होंने दावेदारी नहीं की, लेकिन पार्टी उनका उपकार भूली नहीं है। ऐसे में उनका दावा मजबूत माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड : राज्यसभा की सीट के लिए चुनाव में दावेदारी नहीं, निगाह रखेगी कांग्रेस
बहुगुणा के अलावा भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल भी दावेदारों में हैं। भाजपा ने गोयल को वर्ष 2012 व 2016 में हुए राज्यसभा चुनाव में प्रत्याशी बनाया था। वह भी तब जबकि, उस समय भाजपा जीत हासिल करने की स्थिति में भी नहीं थी। अब जबकि परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल हैं तो वह भी दौड़ में हैं। भाजपा के दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में कार्यालय सचिव महेंद्र पांडेय, पूर्व सांसद बलराज पासी, दायित्वधारी नरेश बंसल और हरियाणा के प्रभारी सुरेश भट्ट भी टिकट की दौड़ में बताए जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार इस सीट से प्रत्याशी उतारने के संबंध में सभी पहलुओं पर गहनता से मंथन हो रहा है। एक-दो दिन में पार्टी हाईकमान की बैठक में नाम फाइनल किए जाने की उम्मीद है।
