विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 09, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

उत्तराखंड: कर्मचारियों के लिए 18 नवंबर से शुरू होगी अटल आयुष्मान योजना

By Raksha PanthariEdited By:
Published: Mon, 09 Nov 2020 03:33 PM (IST)Updated: Mon, 09 Nov 2020 11:30 PM (IST)

उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों व पेंशनरों के लिए अटल आयुष्मान योजना दीपावली के बाद शुरू होने जा रही है। इसकी ...और पढ़ें

दीपावली के बाद शुरू होगी कर्मचारियों के लिए अटल आयुष्मान योजना।
दीपावली के बाद शुरू होगी कर्मचारियों के लिए अटल आयुष्मान योजना।

देहरादून, राज्य ब्यूरो।  प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों व पेंशनरों के लिए अटल आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड 18 नवंबर से बनने शुरू हो जाएंगे। इसके लिए अटल आयुष्मान योजना प्रबंधन समिति ने तैयारी पूरी कर ली है। हर जिले में दो एजेंसियां गोल्डन कार्ड बनाने का काम करेंगी। प्रत्येक गोल्डन कार्ड बनाने की फीस 30 रुपये रखी गई है।

प्रदेश सरकार ने इसी वर्ष सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए अटल आयुष्मान योजना शुरू की। इस योजना के अंतर्गत सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को चार श्रेणियों में बांटा गया है। उन्हें वेतन के हिसाब से कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रविधान किया गया है। इस योजना का लाभ कर्मचारियों को तब मिलना शुरू होगा, जब उनके गोल्डन कार्ड बना लिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए सभी विभागों से कर्मचारियों व पेंशनरों का डाटा एकत्र करना भी शुरू कर दिया था। इस पर आगे काम शुरू हो पाता, तब तक लॉकडाउन हो गया।

 अब प्रदेश में जब सभी कार्य आरंभ हो गए हैं, तो अब कर्मचारियों व पेंशनरों के लिए भी गोल्डन कार्ड बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस संबंध में अटल आयुष्मान योजना प्रबंधन समिति ने कार्ययोजना बना ली है। इसके तहत गोल्डन कार्ड बनाने की शुरुआत जिला कलेक्ट्रेट, विकास भवन, कोषागार व पुलिस लाइन से की जाएगी। गोल्डन कार्ड बनाने का काम समिति द्वारा चयनित 14 एजेंसियां करेंगी। पहले चरण के कार्य को पूरा करने के लिए 15 दिसंबर तक की समयसीमा रखी गई है। इसके बाद अन्य विभागों में गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे।

 इस दौरान यदि कोरोना के मामले बढ़ते हैं तो यह काम रोक दिया जाएगा। निर्णय लिया गया कि जिलाधिकारियों की भी गोल्डन कार्ड बनवाने में भूमिका तय की जाएगी। जिलाधिकारी इन विभागों में कोरोना से बचाव को मास्क व सुरक्षित शारीरिक दूरी समेत अन्य मानकों का अनुपालन कराएंगे। इस योजना के तहत प्रदेश के सरकारी कर्मचारी व पेंशनरों के साथ ही उनके स्वजनों के तकरीबन 10 लाख कार्ड बनाए जाने हैं। अटल आयुष्मान योजना के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुणेंद्र चौहान ने कहा कि चरणबद्ध तरीके से गोल्डन काम बनाने का काम शुरू किया जा रहा है। जल्द ही इस कार्य को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: कोरोना ने रोका सरकारी कार्मिकों के लिए अटल आयुष्मान योजना का रास्ता